श्री आनंदपुर साहिब-नयना देवी के बीच बनेगा रोपवे, एमओयू साइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री आनंदपुर साहिब और श्री नयना देवी जी के बीच रोपवे स्थापित करने के लिए शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सरकारों में एमओयू साइन हुआ।
शहीद भगत सिंह के 111वें जन्मदिवस के मौके पर आज दोनों राज्यों के बीच समझौते पर पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सचिव विकास प्रताप और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग के एसीएस राम सुभाग सिंह ने हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह उपस्थित थे। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच इस परियोजना के महत्व को देखते हुए इसे बहुत पहले पूरा करना चाहिए था।
हालांकि हिमाचल ने 2014 में इस परियोजना को रद्द कर दिया था, लेकिन उन्होंने कामकाज संभालते ही इस योजना के पुनरुद्धार की शुरुआत की, जिसका कैप्टन अमरिंदर ने भी समर्थन किया।
250 करोड़ की लागत, तय होगा 3.5 किमी सफर
यह परियोजना हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक है। हर साल 25 लाख श्रद्धालु माता के दर्शन करने आते हैं, जिनमें से 80 फीसदी पंजाब के होते हैं। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड में स्थापित होने वाला यह रोपवे लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा देगा।
सीएम अमरिंदर ने एक ऐतिहासिक कदम के रूप में इस समझौते का स्वागत किया। पंजाब पर्यटन विभाग ने रोपवे स्थापित करने के उद्देश्य से पंजाब क्षेत्र में लोअर टर्मिनल प्वाइंट और रास्ते के लिए 108 कनाल 13 मरला भूमि अधिगृहीत की है। इस प्रोजेक्ट पर 250 करोड़ रुपये लागत आने का अनुमान है, जो 3.5 किलोमीटर की दूरी कवर करेगा।