{"_id":"57b5a9e74f1c1bda786ec70b","slug":"minister-of-state-for-textiles-ajay-tamta-announces-textile-park-for-himachal","type":"story","status":"publish","title_hn":"केंद्रीय मंत्री ने की बड़ी घोषणा, हिमाचल में बनेगा टेक्सटाइल पार्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
केंद्रीय मंत्री ने की बड़ी घोषणा, हिमाचल में बनेगा टेक्सटाइल पार्क
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊना
Updated Fri, 19 Aug 2016 09:46 AM IST
विज्ञापन
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टमटा ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल में टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने के लिए तैयार है। इसके लिए केंद्र 40 फीसदी बजट भी मुहैया करवाएगा। पार्क में कपड़े से जुड़े आठ अलग-अलग उद्योग लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से भी उन्हें पार्क के लिए एक पत्र मिला है।
विज्ञापन
अब प्रदेश सरकार जमीन मुहैया करवाए तो जल्द आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री टमटा वीरवार सुबह ऊना में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। वे कांगड़ा के देहरा में तिरंगा यात्रा में भाग लेने से पूर्व कुछ देर ऊना में रुके। टमटा ने कहा कि हिमाचल के बुनकरों को देश के बेहतरीन डिजाइनरों से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा ताकि वे अपने उत्पादों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर सकें।
विज्ञापन
इसके लिए केंद्र ने कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा और किन्नौर के बुनकरों के लिए डिजाइनर उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि बुनकरों के सुरक्षित भविष्य को लेकर मोदी सरकार गंभीर है। इसके लिए पांच एमओयू भी साइन किए गए हैं। इसमें उनकी शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, डिजाइनर्स की मदद और बैंकिंग की सुविधाएं आदि शामिल हैं। कपड़ा उद्योग को बढ़ाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को 54 नेशनल हाईवे दिए हैं। इसके लिए राज्य सरकार को सहयोग करते हुए फॉरेस्ट क्लीयरेंस और डीपीआर जल्द उपलब्ध करवानी चाहिए। उन्होंने हिमाचल और उत्तराखंड की कांग्रेस सरकारों को घेरते हुए कहा कि इन राज्यों में भाई भतीजावाद और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा समेत अन्य मौजूद रहे।
हिमाचल से लेह तक जाएगी रेल लाइन
अजय टमटा ने कहा कि केंद्र सरकार बॉर्डर क्षेत्रों तक रेल विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसके तहत लेह तक रेल लाइन का बिछना तय है। उन्होंने हिमाचल सरकार से रेल लाइन के विस्तार में सहयोग करने को भी कहा। एक सवाल के जवाब में टमटा ने कहा कि कश्मीर पर केंद्र सरकार का रुख बिलकुल स्पष्ट है। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। वहां हर हालत में शांति बनी रहनी चाहिए।
भारत का एक गौरवशाली इतिहास रहा है
केंद्रीय कपड़ा मंत्री अजय टमटा ने कहा है कि भारत का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। तक्षशीला और नालंदा जैसे विवि भारत में रहे हैं। वह देहरा के बाड़ी में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए रखे गए कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना है।
साथ ही इस यात्रा के जरिए उन सेनानियों को भी याद किया जा रहा है जिनका उल्लेख इतिहास में न के बराबर मिलता है। ईस्ट कंपनी ने धीरे धीरे देश को गुलाम बनाया। लेकिन राष्ट्रप्रेमियों ने देस की आजादी के लिए अपनी कुर्बानी दी और कई ऐसे स्वतंत्रता सेनानी रहे जिन्होंने अपने अपने प्रदेश या इलाके में आजादी की मशाल जगा रखी और देस को आजाद कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन राष्ट्र प्रेमियों को तिरंगा यात्रा के जरिए याद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के हीरा है। जिन्होंने देश के छवि को विश्व मंच पर काफी बढ़ाई है। उनके नेतृत्व में देश तरक्की के नए आयाम स्थापित करता जा रहा है। इस मौके पर सांसद और बीसीसीआई अध्यक्ष लेफ्टिनेंट अनुराग ठाकुर, देहरा के विधायक रविंद्र सिंह रवि, जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर, पूर्व मंत्री रमेश धवाला, पूर्व विधायक संजय चौधरी, प्रदेश युमो अध्यक्ष विशाल चौहान, संगठन मंत्री पवन राणा आदि उपस्थित रहे।