कुमारहट्टी हादसा: खनन और एनएचएआई विशेषज्ञ भी करेंगे जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुमारहट्टी में असम राइफल के 13 जवानों और एक महिला की जान लेने वाली इमारत की न्यायिक जांच में अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) और खनन विभाग (माइनिंग) के विशेषज्ञ भी जुड़ गए हैं।
खनन विभाग यहां सालों पहले बंद हो चुकी रेत की खान का अध्ययन करेगा जबकि एनएचएआई कुमारहट्टी-नाहन मार्ग बनने के दौरान निकले मलबे को सड़क के नीचे फेंकने की जांच करेगा।
दुर्घटनास्थल के पास सालों पहले रेत की खान होने का खुलासा सबसे पहले अमर उजाला ने किया था। इसका बारीकी से अध्ययन करने के लिए अब न्यायिक जांच में खनन विभाग की मदद ली जा रही है।
खनन विभाग के विशेषज्ञ मिट्टी खोदकर उसमें पाए जाने वाले कणों के आधार पर यह तय करेंगे कि रेत की खान से निकले मलबे का कितना असर दुर्घटनास्थल व आसपास की जमीन पर है।
एनएचएआई के विशेषज्ञ नाहन मार्ग के नीचे की जमीन की पकड़ का अध्ययन करेंगे। जिस समय कुमारहट्टी-नाहन मार्ग का निर्माण हुआ उस दौरान भारी संख्या में मलबा सड़क के नीचे की तरफ गिराया गया होगा।
उस मलबे का असर भी इस जमीन पर तलाशा जाएगा। न्यायिक जांच में तीसरा सबसे बड़ा कदम भूगर्भ वैज्ञानिक को जोड़कर उठाया गया है। भूगर्भ वैज्ञानिक भी जमीन से मिट्टी के सैंपल लेंगे, जिनकी जांच से जमीन के भविष्य की संभावनाओं को तलाशा जाएगा।
जांच अब आगामी 13 दिन में पूरी होनी है। न्यायिक जांच अधिकारी एसडीएम रोहित राठौर ने टीम में खनन, एनएचएआई और भूगर्भ वैज्ञानिकों के साथ लोक निर्माण विभाग, तहसीलदार, पर्यटन विभाग, बिजली बोर्ड, आईपीएच व पुलिस विभाग के अधिकारियों को शामिल किया है।
धर्मपुर में भवन गिराने के आदेश
कुमारहट्टी हादसे के बाद अब खतरा बन चुके बहुमंजिला भवनों की शामत आ गई है। एसडीएम सोलन ने कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर ऐसे ही एक खतरनाक भवन को गिराने के आदेश दिए हैं। आगामी तीन दिन में इस बहुमंजिला भवन को गिरा दिया जाएगा।
भवन धर्मपुर में हाईवे के ठीक ऊपर पहाड़ी पर है, जो कुछ समय पूर्व भूस्खलन की जद्द में आ गया था। भवन को गिराने के लिए एसडीएम ने एनएचएआई को अधिकृत किया है।
एसडीएम रोहित राठौर का कहना है कि धर्मपुर में नेशनल हाईवे के ठीक ऊपर खसरा नंबर 277/228/89/14 पर बना बहुमंजिला भवन खतरनाक हो चुका है। बरसात में यह भवन कभी भी गिर सकता है।
एनएचएआई को तीन दिन में भवन गिराने और रिपोर्ट देने को कहा गया है। भवन गिराने की प्रक्रिया में तहसीलदार कसौली और थाना प्रभारी धर्मपुर भी मौजूद रहेंगे।