मैदानों में सताएगी गर्मी, पहाड़ी क्षेत्रों में राहत के आसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के मैदानों में गर्मी और सताएगी, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में राहत के आसार है। प्रदेश में बुधवार से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार से तीन जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
मंगलवार से प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव आना शुरू भी हो गया है। राजधानी शिमला में मंगलवार को हल्के बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चलीं।
उधर, ऊना में अधिकतर तापमान 43.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी शिमला में 28.5 डिग्री तापमान के साथ मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।
तूफान से उड़ी घरों की छतें
हमीरपुर और चंबा के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर बाद हल्की बारिश हुई जबकि कई जगहों पर तूफान भी चला। हमीरपुर की जम्मू ग्राम पंचायत में तूफान से दो घरों की छतें उड़ गईं और शॉर्ट सर्किट से एक गोशाला राख हो गई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बुधवार से तीन जून तक बारिश होने की संभावना जताई है।
गर्म हवाएं चलने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल
मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में तीन जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को भी मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री के पार ही रहा। गर्म हवाएं चलने से लोगों को घरों-दफ्तरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
दिन के साथ-साथ रात का पारा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार रात को नाहन में न्यूनतम तापमान 23.7, हमीरपुर में 22.4, ऊना में 22.0, धर्मशाला में 21.2, बिलासपुर में 20.8, मंडी में 20.4, शिमला में 19.1, चंबा में 19.0 और सोलन में 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कहां कितना अधिकतम तापमान
कहां कितना अधिकतम तापमान
ऊना 43.0
बिलासपुर 40.6
कांगड़ा 40.1
हमीरपुर 39.9
सुंदरनगर 39.3
चंबा 37.7
भुंतर 36.0
नाहन 35.0
धर्मशाला 33.2
सोलन 32.6
शिमला 28.5
डलहौजी 24.9
कल्पा 21.0
केलांग 18.8
(सेल्सियस डिग्री में)
दो मंजिला मकान की छत उड़ी
मंडी के चोलथरा पंचायत के तहत सरौण गांव में मंगलवार को आए तूफान से ओम चंद पुत्र गोबिंद राम के दो मंजिला मकान की छत उड़ गई। जिसके चलते उन्हें काफी नुकसान हुआ है।
यही नहीं यह छत साथ लगते 200 मीटर दूर स्थित मकान पर गिरी जिससे उस स्लेटपोश मकान को भी नुकसान हुआ है। वहीं इसी गांव के क्वाली में प्रताप चंद की गोशाला की छत भी तूफान की चपेट में आ गई।
हालांकि, इस तूफान के कारण जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन, लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है। इस दौरान बीच बीच में बिजली भी जाती रही जिससे सरकारी और निजी कार्यालयों में भी परेशानी हुई।
नायब तहसीलदार रामेश्वर गौतम ने बताया कि उन्होंने राजस्व अधिकारी को मौके पर भेज दिया है और नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।