ये कैसे टीचर, दो साल से गणित की नहीं ली एक भी क्लास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नूरपुर उपमंडल के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगवाल में टीजीटी गणित के अध्यापक ने पिछले दो साल से नौवीं-दसवीं की एक भी क्लास नहीं ली है। ऐसे में स्कूल के बच्चे गणित में पिछड़ रहे हैं। इस संबंध में बच्चों, स्कूल प्रशासन और स्कूल प्रबंधन कमेटी ने विभाग से भी लिखित शिकायत की है।
लेकिन, अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उधर, अध्यापक ने लिखित तौर पर विभाग को आठवीं से ऊपर की कक्षाओं को पढ़ाने में स्वास्थ्य का हवाला देते हुए असमर्थता जता दी है। अध्यापक ने विभाग से उनका स्थानांतरण स्कूल से करने की लिखित मांग भी की है। ऐसे में स्कूल के नौवीं और दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी गणित विषय को अच्छे से नहीं समझ पा रहे हैं।
एक बार हुई है जांच
उप शिक्षा निदेशक प्रारंभिक को मिली शिकायत के आधार पर रावमापा गंगथ के प्रधानाचार्य को मामले में जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। स्कूल में 4 सितंबर 2017 को सभी पक्षों को बुलाकर जानकारी ली गई थी। लेकिन, इसके आगे कोई कार्रवाई अध्यापक पर नहीं हो सकी।
बच्चों ने हेल्पलाइन 1098 में की शिकायत- स्कूल में पिछले दो सालों से गणित की कक्षा में अध्यापक न पहुंचने की शिकायत स्कूली बच्चों ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में की है। चाइल्ड लाइन की टीम ने मौके पर जाकर जांच की, तो पाया कि अध्यापक के खिलाफ जांच को लेकर पत्राचार हुआ है। लेकिन, मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा दीपक किनायत ने कहा कि टीजीटी गणित के अध्यापक को पहले भी शिकायत पर सस्पेंड किया गया था। अध्यापक को वालंटियर रिटायरमेंट लेने की सलाह दी गई है। लेकिन, अध्यापक स्थानांतरण करने की बात कह रहा है। मामला विभाग को भेजा जाएगा।