चपरासी बनने के लिए इंटरव्यू देने पहुंचे एमए पास युवा
- बेरोजगारी की इंतहा : तीन पदों के लिए 1200 युवाओं ने दिया साक्षात्कार
- पशुपालन विभाग में भरे जाएंगे चपरासी के तीन पद, 1500 आवेदन पहुंचे
- 300 आवेदन हुए रिजेक्ट, बीकॉम और बीए पास युवाओं ने भी दिया इंटरव्यू
विस्तार
हिमाचल में बेरोजगारी की इंतहा तो देखिये। एमए पास दर्जनों युवा भी चपरासी पद के लिए इंटरव्यू देने के लिए पहुंचे। इनके अलावा बीकॉम और बीए पास युवाओं ने भी साक्षात्कार में भाग लिया।
प्रदेश में अलग-अलग जगह चपरासी के तीन पद भरने के लिए पशुपालन विभाग ने सोमवार को धर्मशाला में साक्षात्कार रखे थे। इसके लिए पूरे प्रदेश से करीब 1500 आवेदन आए थे। इनमें से करीब तीन सौ आवेदन खामियां होने के कारण रिजेक्ट हो गए थे।
सोमवार को 1200 के लगभग युवा इंटरव्यू देने पहुंचे। इनमें दसवीं पास से लेकर बीए, बीकॉम और एमए पास भी शामिल थे। पशुपालन विभाग के कार्यालय में सुबह से युवाओं की भीड़ लग गई। तेज धूप के बीच वे इंटरव्यू के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
पशुपालन विभाग में चपरासी के तीन पर डेली वेज पर भरे जाएंगे। साक्षात्कार देने के लिए पहुंची युवाओं की भीड़ के कारण इंटरव्यू लेने वाले और औपचारिकताएं पूरा करने वाले अधिकारियों को भी काम निपटाने में काफी समय लगा।
नौकरी नहीं मिली तो कर दिया आवेदन
पालमपुर के रहने वाले संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने एमए की है, मगर नौकरी न मिलने के कारण उन्हें चपरासी पद के लिए आवेदन करना पड़ा। वह साक्षात्कार देने आए हैं। बीए कर चुके सुनील कुमार निवासी देहरा ने बताया कि वह बद्दी में निजी उद्योग में काम कर रहे हैं।
मगर जरूरत के हिसाब से पैसा न मिलने के कारण उन्हें सरकारी क्षेत्र में नौकरी के लिए अप्लाई किया। बीकॉम कर चुके बेरोजगार युवा भी रोजगार पाने की चाह से साक्षात्कार देने पहुंचे। अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने बीकॉम की है। अभी तक नौकरी की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने पहली बार चपरासी पद के लिए अप्लाई किया है।
हिमाचल से तीन पदों के लिए 1500 युवाओं ने आवेदन किया था। इसमें करीब 1200 युवा साक्षात्कार देने धर्मशाला स्थित कार्यालय में पहुंचे। अब साक्षात्कार के बाद खाली पदों पर तैनाती की जाएगी।- डा. राजेश कुमार, सहायक निदेशक