गैस उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, महंगा हुआ सिलेंडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में रसोई गैस उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार पड़ने जा रही है। अब यहां गैस सिलेंडर के लिए पहले से ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। अब रसोई सिलेंडर 61 रुपये महंगा हो गया है। दिसंबर महीने में गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को 708 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इस महीने 658 रुपये सिलेंडर का दाम तय हुआ है जबकि 50 रुपये होम डिलीवरी चार्जिस हैं।
पहल योजना (डीबीटीएल) से जुड़ चुके उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार 222 रुपये की सब्सिडी बैंक खाते में लौटाएगी। योजना से नहीं जुड़ने वालों को कोई सब्सिडी नहीं मिलेगी। ऐसे उपभोक्ताओं को वैट के नौ रुपये अतिरिक्त भी चुकाने पड़ेंगे। दिसंबर महीने में योजना से नहीं जुड़ने वालों को 717 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा।
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़े
उधर, कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 107 रुपये बढ़े हैं। इस महीने 1271.50 रुपये में कामर्शियल गैस सिलेंडर मिलेगा। 70 रुपये के डिलीवरी चार्जिस अतिरिक्त देने होंगे। नवंबर महीने में घरेलू सिलेंडर 29 और कामर्शियल सिलेंडर 23 रुपये महंगा हुआ था। नवंबर में उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर 647 रुपये में मिला था।
उधर, प्रदेश के करीब एक लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी बंद है। पहल योजना से नहीं जुड़ने पर इन उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की पूरी कीमत चुकानी पड़ रही है। योजना से जुड़ चुके उपभोक्ताओं को गैस कंपनियां हर माह सब्सिडी की राशि बैंक खाते में लौटाती है।
योजना से लिंकेज नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर खरीदने के लिए अन्य उपभोक्ताओं के मुकाबले वैट की राशि भी अतिरिक्त चुकानी पड़ रही हैं। प्रदेश में 14 लाख रसोई गैस उपभोक्ता हैं। गैस कंपनियों का कहना है कि सात प्रतिशत उपभोक्ताओं ने अभी तक लिंकेज नहीं करवाई है। इसके चलते इन उपभोक्ताओं को सब्सिडी नहीं दी जा रही है।