कुलदीप राठौर का फोन हो रहा टैप, जासूसी को लगाई सीआईडी: कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के फोन टैप कर जासूसी करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने इसके लिए सीआईडी के कर्मचारी पीछे लगाए हैं।
पार्टी का दावा है कि उन्होंने जासूसी करते हुए एक कर्मचारी को पकड़ा है। हिमाचल कांग्रेस के प्रवक्ता नरेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि पार्टी ने इस गंभीर मामले को लेकर सोमवार को चुनाव आयोग से लिखित शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा कांग्रेस ने एडीसी मोहित चावला के माध्यम से राज्यपाल आचार्य देवव्रत को भी ज्ञापन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से चुनाव के दौरान प्रदेशाध्यक्ष राठौर को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही
पार्टी प्रवक्ता नरेंद्र कंवर ने सोमवार को शिमला में प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस सम्मेलन में कहा कि सीआईडी का एक कर्मचारी प्राइवेट कार संख्या एचपी-35ए 1965 में सवार होकर कच्ची घाटी के पास जासूसी करता पकड़ा गया था।
उसने स्वीकारा है कि वह यह कार्य अपने अधिकारियों के इशारे में कर रहा था। कंवर ने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा और मुख्यमंत्री बौखला गए हैं।
भाजपा के बड़े नेता कांग्रेस में आ चुके हैं और कई पूर्व विधायक संपर्क में हैं। भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी बताएं कि राठौर की जासूसी किसके इशारे पर की जा रही है। सरकार ने अभी तक उन्हें सुरक्षा मुहैया क्यों नहीं कराई है।