हम आया राम-गया राम नहीं, कांग्रेस के पक्के सिपाही: सुखराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आश्रय शर्मा को कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद मंडी संसदीय क्षेत्र का पहला सम्मेलन वीरभद्र और सुखराम धड़े में बंटा दिखा। मंगलवार को भ्यूली में आयोजित इस सम्मेलन में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री शामिल नहीं हुए। जबकि स्थानीय स्तर के अधिकांश नेता शामिल हुए।
इस मंच से वक्ता तीखे शब्दों के बाण चलाना नहीं भूले। पंडित सुखराम ने कहा कि हम आया राम- गया राम नहीं बल्कि कांग्रेस के पक्के सिपाही हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह से कोई मतभेद नहीं है। जो गिले शिकवे थे, गले मिलकर भुलाए जा चुके हैं। वह जल्द प्रचार के लिए आएंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र के जिला मंडी के प्रभारी विक्रमादित्य ने कहा कि बिना वीरभद्र के कांग्रेस का हर सम्मेलन अधूरा है।
वीरभद्र के लिए हेलीकॉप्टर तक की मांग कर डाली
प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने एकजुटता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आश्रय का नहीं, कांग्रेस के हर कार्यकर्ता का है। उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया और प्रदेश में एक साथ चलकर चारों सीटें हासिल करने का दावा किया।
पूर्व मंत्री कौल सिंह ने मोदी और शाह पर निशाना साधा। वहीं, वीरभद्र के कुछ समर्थकों ने मंच पर यह तक कह डाला कि वीरभद्र के बिना जीत संभव नहीं। उन्होंने चुनाव के लिए वीरभद्र के लिए हेलीकॉप्टर तक की मांग कर डाली।