लोकसभा चुनाव: सियासी गढ़ में भारी मतदान से प्रत्याशियों में बड़ी लीड की बढ़ी उम्मीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस बार के लोकसभा चुनाव में मैदान में उतरे प्रत्याशियों और खेवनहारों के अपने गढ़ में भारी वोटिंग हुई है। चाहे कांगड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल हों, हमीरपुर प्रत्याशी रामलाल ठाकुर या फिर रामस्वरूप शर्मा के सियासी खेवनहार बने सीएम जयराम ठाकुर व आश्रय शर्मा के दादा पंडित सुखराम।
सभी को अपने अपने इलाकों में हुई बंपर वोटिंग के बाद अपने इलाकों से बड़ी लीड की उम्मीद दिख सकती है। सियासी पंडितों की मानें अपने गढ़ में भारी वोटिंग से न सिर्फ प्रत्याशियों को भारी लीड मिल सकती है बल्कि अगर बाकी के क्षेत्रों में नुकसान होता है तो उसे भी उसी लीड के जरिये आसानी से झेला जा सकेगा।
2019 के लोकसभा चुनाव कई मायने में बेहद रोचक है। चारों ही लोकसभा सीटों में कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के पास कोई न कोई क्षेत्र गढ़ के रूप में मौजूद है। कांगड़ा में जहां कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वहीं भाजपा विधायक किशन कपूर भी धर्मशाला से विधायक हैं।
शिमला में भी भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप पच्छाद से और कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल सोलन विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। हमीरपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को अपने विधानसभा क्षेत्र श्री नैना देवी जी से खासी उम्मीद होना स्वाभाविक है। जबकि भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को पिता प्रेम कुमार धूमल के सुजानपुर से आस है।
मंडी में भले ही कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा और भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा का अपना कोई सियासी दुर्ग न हो, लेकिन आश्रय के दादा व पिता के पारंपरिक विधानसभा क्षेत्र मंडी और राम स्वरूप के खेवनहार मुख्यमंत्री जयराम के सिराज नैया पार लगाने के लिए मददगार साबित हो सकते हैं।
खास बात यह है कि सभी आठों प्रत्याशियों के इन दुर्गों में इस बार 2014 के लोकसभा चुनाव की अपेक्षा भारी मतदान हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें अपने इन क्षेत्रों से बड़ी लीड मिल सकती है जिससे जीत की राह आसान हो सकती है।
किस दुर्ग में कितना हुआ मतदान
सराज 81.53 65.79 15.74
मंडी 77.32 65.70 11.62
कांगड़ा 75.11 63.20 11.91
धर्मशाला 71.23 70.18 0.42
पच्छाद 76.10 71.99 4.11
सोलन 70.39 66.35 3.74
श्री नैना देवीजी 79.81 72.06 7.75
सुजानपुर 74.12 71.71 2.41