नेशनल हाईवे पर फिर दरका पहाड़, यातायात बाधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ढली टनल भट्ठाकुफर बाईपास पर शिवमंदिर के पास बुधवार शाम ने नेशनल हाईवे-5 पर अचानक पहाड़ी से बड़े-बडे़ पत्थर गिर गए। गनीमत यह रही कि पत्थरों की चपेट में कोई वाहन नहीं आया। पत्थर गिरने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही थम गई।
पहाड़ के दरकने से करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक वन-वे रहा। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी ट्रैफिक कमल वर्मा मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जेसीबी से सड़क साफ करने के निर्देश दिए।
तीन सितंबर 2017 को भी शिव मंदिर के पास पहाड़ दरक गया था। भारी भूस्खलन से सड़क किनारे खड़े वाहन खाई में गिर गए थे। शिव मंदिर को भी भारी नुकसान हुआ था। जिला प्रशासन ने भूस्खलन रोकने के लिए स्थायी इंतजाम के दावे तो किए लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ नहीं किया गया।
शिव मंदिर के पुजारी हरिदत्त शर्मा ने बताया कि अकसर पहाड़ी से पत्थर गिरते रहते हैं। पहाड़ दरकने से बड़ा हादसा भी हो सकता है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी से पहाड़ दरकने की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
पहाड़ दरकने का खतरा बरकरार : डीएसपी
डीएसपी ट्रैफिक कमल वर्मा ने कहा कि पहाड़ दरकने के बाद नेशनल हाइवे को क्लीयर करने के लिए तुरंत नेशनल हाईवे के अधिकारियों को सूचना दे दी गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था बहाल रखने के लिए स्टाफ तैनात कर दिया है। पहाड़ दरकने का खतरा बरकरार है। नेशनल हाईवे को समस्या के स्थायी समाधान के लिए तुरंत कड़े कदम उठाने चाहिए।
दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त
ढली टनल-भट्ठाकुफर बाईपास पर सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियों पर रात के समय पहाड़ी से पत्थर गिरे। इससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। सुबह के समय आसपास खड़ी गाड़ियों को भी एहतियातन हटा दिया गया। दिन के समय भी गाड़ियां पहाड़ी के नीचे पार्क होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।