Kullu: घटीगढ़ में फिर हुआ भूस्खलन, चपेट में आई कार, बाल-बाल बचे यात्री, देखें लाइव वीडियो
अचानक पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से एक कार इसकी चपेट में आ गई।
विस्तार
मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर घटीगढ़ के पास एक बार फिर भूस्खलन का कहर देखने को मिला है। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अचानक पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से एक कार इसकी चपेट में आ गई। हादसे के दौरान कार में सवार चालक और अन्य यात्री स्थिति को भांपते ही तुरंत वाहन से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान सुरक्षित बच गई। हालांकि, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। भूस्खलन के कारण मार्ग पर भारी मलबा जमा हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटीगढ़ क्षेत्र में बार-बार हो रहे भूस्खलन से यह मार्ग लगातार जोखिम भरा बना हुआ है। गौरतलब है कि चार दिन पूर्व भी यहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिर गया था और इस दौरान एक जेसीबी पर भी पत्थर गिरा था। इस दौरान यह मार्ग 72 घंटे के बाद छोटे वाहनों के लिए बहाल हुआ था। जबकि दो छोटे वाहनों पर इससे पहले भी मलबा और पत्थर गिर चुके हैं।
सड़क बंद होने से उस तरफ फंसा महिला पर्यटक का शव
घटीगढ़ में भूस्खलन से सड़क बंद होने के कारण उस तरफ फंसे वाहन में एक शव भी फंस गया है। जानकारी के अनुसार एक बीमार महिला पर्यटक की मौत हो गई थी। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि महिला को बीमार हालत में अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन सड़क बंद होने से उसकी मौत हो गई। अब वाहन में शव भी बरशैनी की तरफ ही फंसा है जबकि दूसरी तरफ एंबुलेंस खड़ी है। जानकारी के अनुसार मृतक महिला पर्यटक जम्मू-कश्मीर की रहने वाली थी। बरशैनी की मीना ने बताया कि घटिगढ़ में लगातार भूस्खलन हो रहा है। लोगों को यहां जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि उन्होंने विकास महिला मंडल की तरफ से 27 मार्च को एडीएम कुल्लू को एक ज्ञापन दिया था जिसमें उन्होंने इस स्थल पर बैली ब्रिज लगाने की मांग की थी लेकिन अभी तक मौके पर कुछ भी नहीं किया है। जबकि यह समस्या 2023 से बनी हुई है। उधर, क्षेत्र के श्याम लाल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मांग की है कि वह स्वयं मौके का दौरा करें और लोगों की इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.