सिद्धू कसौली में साफ करेंगे पाक सेनाध्यक्ष से गले मिलने की असली वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने और फिर पड़ोसी देश के सेना प्रमुख कमर बाजवा के गले मिलकर पूरे भारत में खलबली पैदा करने वाले पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू अब तक के सभी सवालों का जवाब कसौली में देंगे।
बाजवा से मुलाकात अचानक थी या फिर करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने को लेकर सामने आए बयानों का कुछ अंश इसमें शामिल था। सवाल अब भी कई हैं और सिद्धू इन सवालों पर हर जगह घिरते आए हैं। कसौली में लेखक खुशवंत सिंह की याद में 12 अक्तूबर से आयोजित होने वाले लिटफेस्ट में हिस्सा लेने के लिए नवजोत सिंह सिद्धूू ने अपनी सहमति दे दी है।
वह यहां पहुंचकर देश भर की जानी-मानी हस्तियों के बीच अपना जवाब देंगे। फिलहाल, सोलन में लिटफेस्ट की तारीख तय हो गई है। इस बार लिटफेस्ट का आयोजन ‘स्ट्रेंथ ऑफ अ नारी’ थीम पर आधारित होगा। इसमें महिलाओं से जुड़े मुद्दे चर्चा का मुख्य केंद्र रहेंगे।
तीन तलाक से चर्चित शाहबानो भी होंगी लिटफेस्ट का हिस्सा
लेकिन इसके साथ ही देश भर की राजनीति और फिल्म जगत के चर्चित चेहरे भी कसौली पहुंचकर अपनी-अपनी राय व्यक्त करेंगे। नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा कांग्रेस के चर्चित नेता शशि थरूर, जयराम रमेश, मणिशंकर अय्यर, मार्क तुली फिल्म जगत से दिव्या दत्ता, राहुल बोस, माजा दारूवाला ने लिट फेस्ट में पहुंचने के लिए हामी भर दी है।
लेखक खुशवंत सिंह के बेटे राहुल सिंह ने बताया कि इस बार महिला अधिकार विषय मुख्य तौर पर चर्चा में रहेगा। जिसके लिए देश भर से 30 से अधिक वक्ता अपनी-अपनी राय रखेंगे। उन्होंने कहा कि लिटफेस्ट को लेकर सभी तैयारियां चल रही हैं।
स्ट्रेंथ ऑफ अ नारी थीम पर आधारित लिटफेस्ट में इस बार तीन तलाक भी मुख्य रूप से चर्चा में रहेगा। देश में तीन तलाक को लेकर चर्चा में आईं शाहबानो लिटफेस्ट में हिस्सा लेंगी। इसके लिए उन्होंने अपनी सहमति दे दी है।
लिटफेस्ट के आयोजक राहुल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शाहबानो मामला देश भर में चर्चा में रहा है। शाहबानो तीन तलाक से जूझ रहीं महिलाओं की व्यथा को लेकर अपना वक्तव्य देंगी।