महिला पहलवानों की कुश्ती देखने पहुंचे खली ने की बड़ी घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के शिमला स्थित घणाहट्टी का मेला इस बार खास रहा। यहां विशेष अतिथि के तौर पर पहुंचे अंतर्राष्ट्रीय रेसलर दलीप सिंह राणा उर्फ खली ने शिरकत कर क्षेत्र में एकेडमी खोलने का वादा किया। वहीं मेल में पहली बार महिला पहलवानों ने भी दम दिखाया। खली की एक झलक पाने के लिए लोगों का तांता लग गया।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तहत घणाहट्टी स्कूल के मैदान में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहा कि क्षेत्र में कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए एकेडमी खोलने के प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
खली ने कहा कि लोगों को अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नशे से पूरी तरह से दूरी बनानी चाहिए और खेलों और कसरत की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में खेल प्रेमियों की तादाद अधिक है, जिनके लिए वह जल्द ही इस क्षेत्र में खेल एकेडमी खोलेंगे। इस मौके पर ग्रेट खली की एक झलक पाने के लिए भीड़ दोगुनी हो गई। मेले के दौरान आसपास के करीब 20 पंचायतों के हजारों लोग कुश्ती देखने के लिए जमा हो गए।
महिला पहलवानों ने दिखाया दम
हिमाचल के मेलों में पुरुष पहलवानों का कुश्ती में भाग लेना कोई नई बात नहीं है लेकिन घणाहट्टी के इस दंगल में पहली बार महिला पहलवानों ने भी कुश्ती में भाग लेकर अपना दमखम दिखाया।
घणाहट्टी कुश्ती मेले में पहली बार कोचिंग सेंटर सोलन की आठ महिला पहलवानों ने भाग लेकर अपना दमखम दिखाया। महिला पहलवानों ने एक दूसरे को पटकनी देने के लिए हर तरह के दावपेंच खेले।
साथ ही कुश्ती मेले में प्रदेश के साथ साथ बाहरी राज्यों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली से आए करीब 65 पुरुष पहलवानों ने भाग लिया। मेला कमेटी के अध्यक्ष हरि चंद गुप्ता ने कहा कि अगर ग्रेट खली घणाहट्टी में खेल अकादमी खोलना चाहते हैं तो हम मुफ्त में जमीन देंगे।
मेला देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़
इस दंगल को देखने के लिए हर साल आसपास के इलाके से हजारों की तादाद में दर्शक आते हैं। यहां के बुर्जुगों के मुताबिक जो भी इस दंगल में कुश्ती को देखता है, उसके घर के जानमाल की रक्षा खुद लखदाता करते हैं। मेले के दौरान मैदान में मिठाइयों और खिलौने की
दुकानों में बच्चों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान कमेटी के सचिव प्रभा वर्मा, सदस्य यशपाल गुप्ता, भूपेंद्र गुप्ता, भूप सिंह, राम नारायण, बद्री दत्त, जिला परिषद अध्यक्ष, प्रधान इत्यादि मौजूद रहे।