सीडी सुनने के बाद बोले कौल सिंह, मैं महिला को नहीं जानता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिला से अंतरंग बातचीत की सीडी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बुधवार सुबह मंडी में एक प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि सीडी उन्होंने सुन ली है। इसमें जो आवाज है वह मेरी नहीं है। इसे कट पेस्ट कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई है।
कौल सिंह ने कहा कि इस ऑडियो में जो महिला उनसे बातचीत करते हुए बताई गई है, वह ऐसी किसी महिला को नहीं जानते। यह एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा है और उन्हें महज बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री की ये सीडी कुछ दिन पहले ही जारी हुई है। इसके बाद मंत्री को दूसरी बार प्रेसवार्ता करनी पड़ी है।
सीएम, डीजीपी के बयानों से आहत
कौल सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए थी। पता लगाया जाना चाहिए था कि आखिर किसने ये फर्जी सीडी बनाई, कैसे और किसने जारी की। उन्होंने कहा कि सीएम वीरभद्र और डीजीपी के जो जांच न करवाने के बयान आए हैं वे आहत करने वाले हैं।
अब इस बारे में दोबारा सीएम से बात कर जांच करने का आग्रह किया जाएगा। मामला बड़ा है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चरित्र हनन करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। अगर मामले की जांच नहीं की गई तो कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने आईआईटी में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर भी किसी तरह का संबंध होने से इंकार किया।
कांग्रेस नेता मेरे साथ है
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भले ही कुछ नेता उनका साथ न दे रहे हों, मगर कई नेता अभी भी पार्टी में ऐसे हैं जो उनका समर्थन कर रहे हैं। उनसे इस बारे में बात कर रहे हैं। इसके अलावा कई भाजपा के वरिष्ठ नेता भी इस तरह के मामलों में उनके पक्ष में बयान दे चुके हैं।
बहरहाल जो भी हो हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण स्वास्थ्य मंत्री सभी के निशाने पर हैं। सीडी चुनाव के समय तैयार की गई और इसमें कई जगह इसका जिक्र भी है। सीडी के जारी होने या लीक होने से हिमाचल की जांच एजेंसियां भी सवालों के घेरे में हैं। कौल सिंह खुद विजिलेंस के जांच अधिकारी रहे एपी सिंह पर सीधा हमला बोल चुके हैं।