Kangra News: थुरल की न्यूगल खड्ड में नहाते समय डूबा 22 साल का युवक, मौत
जिला कांगड़ा की न्यूगल खड्ड में नहाते समय एक 22 साल का युवक डूब गया। घटना में उसकी मौत हो गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
विस्तार
गर्मियां बढ़ने के साथ ही नदियों और खड्डों में डूबने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। थुरल की पंचायत पुड़वा के गांव सनबाड़ के एक युवक की रविवार को न्यूगल खड्ड में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर राहुल (22) पुत्र राज कुमार न्यूगल खड्ड में नहाने चला गया। खड्ड में डूबने से उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार राहुल परिवार का इकलौता बेटा था और पुड़वा में नाना-नानी के पास ही रहता है। जबकि उसके घर लाहट कोटलू में हैं। राहुल ने कुछ वर्ष पहले होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया और वर्तमान में वह मंडी के एक होटल में नौकरी करता था।
शनिवार को युवक घर में वोट डालने के लिए आया हुआ था। रविवार दोपहर को युवक अपने मामा धर्मेंद्र और अन्य लड़कों के साथ न्यूगल खड्ड में नहाने चला गया। राहुल को ज्यादा तैरना नहीं आता था। वह खड्ड के किनारे नहाने लगा और उसका पैर फिसल गया। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। युवक को डूबता देख उसका मामा और अन्य लड़के दौड़े और उस पानी से बाहर निकाला। उन्होंने युवक को थुरल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थुरल पुलिस चौकी प्रभारी विक्रम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर अस्पताल भेज दिया है। उधर, भवारना थाना प्रभारी केहर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामा धर्मेंद्र और युवक की माता पूजा देवी के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।