कांगड़ा: जयराम ठाकुर बोले- मित्रमंडली ले रही फैसले, राजनीतिक प्रतिशोध का समय लंबा नहीं
जयराम ठाकुर ने जनसंवाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के पास ऐसी कोई योजना नहीं है जिसकी जनता के बीच चर्चा हो। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई हिमकेयर, शगुन और सहारा जैसी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिला था, लेकिन वर्तमान सरकार इनके लिए बजट तक उपलब्ध नहीं करवा पा रही है।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जयसिंहपुर के ऐतिहासिक चौगान में भाजपा के जनसंवाद कार्यक्रम में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में सरकार के फैसले मंत्रिमंडल के बजाय मित्रमंडली ले रही है। कांग्रेस ने राजनीति को परिवार तक सीमित कर दिया है। पिछले चार वर्षों से राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने जनसंवाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के पास ऐसी कोई योजना नहीं है जिसकी जनता के बीच चर्चा हो। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई हिमकेयर, शगुन और सहारा जैसी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिला था, लेकिन वर्तमान सरकार इनके लिए बजट तक उपलब्ध नहीं करवा पा रही है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा 70 से घटाकर 60 वर्ष करने का फैसला भी भाजपा कार्यकाल में ही लिया गया था। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने पंचायत चुनाव टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए और इसके लिए वकीलों को लाखों रुपये फीस दी गई, लेकिन भाजपा के अडिग रहने से चुनाव संपन्न हुए। मंच से उन्होंने कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध लेने वालों का समय लंबा नहीं है, आने वाले समय में उनकी भी बारी आएगी। कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने पंचरुखी और लंबागांव विकास खंड की विभिन्न पंचायतों के लगभग 70 प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक सुधीर शर्मा, विधायक विपिन सिंह परमार, पूर्व विधायक मुल्क राज प्रेमी सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ भाजपा नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।