शिमला आ रहे हैं जेपी नड्डा, ये रहा शेड्यूल
हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेता जगत प्रकाश नड्डा केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बनने के बाद पहली बार 15 नवंबर को शिमला पहुंच रहे हैं। चंडीगढ़ से लेकर शिमला तक भाजपा कार्यकर्ता उनका जबर्दस्त स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं।
बुधवार को उनका कार्यक्रम घोषित किया गया। जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर को सुबह 7.30 बजे सिरमौर जिला के कार्यकर्ता हिमाचल भवन चंडीगढ़ में उनका स्वागत करेंगे।
इसके बाद 8.30 बजे नड्डा हिमाचल के लिए प्रस्थान करेंगे। वह सुबह नौ बजे परवाणू में प्रवेश करेंगे, जहां परवाणू और सोलन जिला के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। पार्टी प्रवक्ता गणेश दत ने बताया कि नड्डा 10.45 बजे सोलन सर्किट हास में सम्मान समारोह होगा।
पार्टी ऑफिस भी जाएंगे नड्डा
दोपहर 12 बजे शोघी, शिमला ग्रामीण, 12.45 बजे शिमला स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे। चंडीगढ़ से शिमला कार्यक्रम के दौरान पार्टी महामंत्री राजीव बिंदल उनके साथ रहेंगे। दोपहर तीन बजे नड्डा पीटरहाफ में आम जनता से मिलेंगे। वह 16 नवंबर को सुबह शिमला से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
अमनदीप गर्ग बन सकते निजी सचिव
हिमाचल प्रदेश के आईएएस अधिकारी और विशेष सचिव डा.अमनदीप गर्ग केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के निजी सचिव बन सकते है। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से प्रदेश सरकार को पत्र भेजा गया है। हालांकि अभी तक पत्र प्रदेश सरकार को नहीं मिला है, लेकिन इसको लेकर पिछले दो दिनों से चर्चा है।