जेजों खड्ड हादसा: बाढ़ में बहे जीजा-साली की तलाश में जुटी एनडीआरएफ, 11 लोग बह गए थे, दो अभी लापता
जेजों खड्ड में हुए हादसे में रविवार को 11 लोग बह गए थे जिसमें 9 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। वहीं, एक को रेस्क्यू किया गया था, लेकिन अभी भी दो लोग लापता हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेजों के पास रविवार को खड्ड में गाड़ी समेत तेज बहाव में बहे जीजा-साली की खोजबीन जारी है। सोमवार को दिनभर कड़ी मशक्कत के बाद भी देहलां निवासी रामस्वरूप और भटोली निवासी उनकी साली सिन्नो देवी का कोई पता नहीं चल सका। एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी हुई है। बाकी सभी नौ लोगों के शव बरामद हो चुके हैं, जिनका होशियारपुर के अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। मृतकों का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा। पोस्टमार्टम के उपरांत होशियारपुर के सिविल अस्पताल से एक-एक कर एंबुलेंस से शवों को जब देहलां के एक धार्मिक स्थल में उतारा गया तो वहां मौजूद हर किसी की आंख नम हो गई।
दूसरी ओर बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में तीन प्रवासी बच्चियों की बाढ़ की चपेट में आने से मृत्यु के बाद शवों का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। इनमें मनीषा (18), राशि (6) राशि और तनु (7) का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं लोअर देहलां पंचायत के उपप्रधान राहुल मेनन रोमी ने बताया कि नौ मृतकों का पोस्टमार्टम करने में देरी हुई है। इसके चलते सोमवार को मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। अब मंगलवार को ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पंजाब सरकार से करेंगे जेजों में पुल निर्माण की बात : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली की सीमा से लगता जेजों क्षेत्र पंजाब राज्य के अंतर्गत आता है, ऐसे में वहां पुल निर्माण के मुद्दे पर पंजाब सरकार से बातचीत की जाएगी। यह पुल हिमाचल के लोगों के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है। खासकर हरोली में 2200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ड्रग पार्क इससे कनेक्ट होगा। ऐसे में वहां पुल की आवश्यकता है। उन्होंने हरोली विस के अपने दौरे में बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों, विशेष रूप से औद्योगिक इकाइयों में हुए नुकसान का जायजा लिया। ऊना में अलग-अलग हादसों में 14 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी बाथड़ी का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर उन्हें ढांढस बंधाया।