धर्मशाला पहुंचकर सरकार से मिले बड़े उद्योगपति, इन क्षेत्रों में निवेश की जताई इच्छा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इन्वेस्टर मीट से एक दिन पहले बुधवार को देश और विदेश से कई बड़े उद्योगपति तथा कई देशों के राजदूत धर्मशाला पहुंच गए। देश और विदेशों के बड़े उद्योगपति बुधवार को धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग मंत्री और कई विभागों के सचिवों से होटल कॉनिफर में मिले। उद्योगपतियों को हिमाचल सरकार चंडीगढ़ से हेलीकॉप्टर में धर्मशाला लाई। धर्मशाला में रेड कारपेट से मेहमानों का स्वागत किया गया। उद्योगपतियों को लग्जरी होटलों में ठहराया गया है। इन्वेस्टर मीट की ब्रांड एंबेसडर अभिनेत्री यामी गौतम होटल पवेलियन में ठहरी हैं।
गगल एयरपोर्ट पर उद्योगपतियों का हिमाचली परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। बुधवार को बीआरएस ग्रुप के चेयरमैन बीआर शेट्टी बेटी रीमा शेट्टी के साथ धर्मशाला पहुंचे। भारतीय उद्योगपति शेट्टी यूएई में व्यापार करते हैं। शेट्टी फोर्ब्स की 100 अमीर लोगों की सूची में शामिल हैं। अबुधाबी में एनएमसी हेल्थ केयर कंपनी के वह संस्थापक हैं। उनकी बेटी कंपनी की निदेशक हैं।
वह बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार और स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और उद्योग विभागों के सचिवों से भी मिले। महिंद्रा ग्रुप के प्रेसिडेंट मनोज छुग वित्त, परिवहन और कृषि विभाग के सचिवों से मिले। फिज फेंकफरटर विदेशी कंपनी के एमडी डा. क्रिस्टियन गारबे आयुर्वेदा और उद्योग विभागों के सचिवों से मिले। वियतनाम दूतावास का प्रतिनिधिमंडल भी निवेश के लिए कई सचिवों से मिला। आयान होल्डिंग्स के कार्यकारी वाइस प्रेसिडेंट बालकृष्ण सिंह प्रतिनिधिमंडल के साथ अफसरों से मिले। बताया जा रहा है कि आयान होल्डिंग्स पर्यटन और उड्डयन क्षेत्र में निवेश करेगा।
धर्मशाला पहुंचे जीएमआर ग्रुप के चेयरमैन श्रीनिवास बोमिडाला पहले से ही चंबा क्षेत्र में पॉवर प्रोजेक्ट में निवेश कर चुके हैं। लुलू ग्रुप के निदेशक एवी आनंथ ने हाउसिंग, पर्यटन और सिविल एविएशन सेक्टर में निवेश की इच्छा जताई है। अबोट फार्मा के वाइस प्रेसिडेंट जावेद जिया उद्योग विभाग के सचिव से मिले। अबोट फार्मा पहले से ही बद्दी में कारखाना चला रहे हैं।
एसोचैम के चेयरमैन विकास चतुर्वेदी सभी सचिवों से मिले। अमेजन इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अमित अग्रवाल उद्योग विभाग के सचिव से मिले। होरिजन ग्रुप के प्रेसिडेंट सतीश बत्तरा उद्योग सचिव से मिले। उन्होंने पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में निवेश की इच्छा जताई।
एसजेवीएन के एमडी एनएल शर्मा ऊर्जा विभाग के सचिव से मिले। एसजेवीएन का प्रोजेक्ट हिमाचल में पहले से ही चल रहा है। अवेदा पॉवर के निदेशक टीआर किशोर ने कई पॉवर प्रोजेक्टों में रुचि दिखाई है।
प्यूरमैजिक्स के सीईओ एवं चेयरमैन एवी प्लेड ने उद्योग एवं आयुर्वेद के सचिवों से मिलकर निवेश की इच्छा जताई। ग्लोब एपेक्स के संस्थापक सतीश मपेरिया पर्यटन एवं सिविल एविएशन के सचिवों से मिले। यूएई इंडिया बिजनेस काउंसिल के डीजी अब्दुल सलेम और पीआईओसीसीआई के सचिव संजय गज्जू कई विभागों के सचिवों से मिले। सूत्रों के अनुसार कई निवेशक वीरवार सुबह धर्मशाला पहुंचेंगे।