पूरी उम्र स्वस्थ रहना है तो 15 मिनट जरूर करें योग: स्वामी गौरीश्वरानंद पुरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूरी उम्र स्वस्थ रहना है तो कम से कम 15 मिनट तक रोजाना योग करें। विश्व योग दिवस पर स्वस्थ रहने का यह सरल उपाय विवेकानंद योग एवं संगीत साधना केंद्र के संस्थापक स्वामी गौरीश्वरानंद पुरी ने बताया है। स्वामी डेढ़ दशक से शिमला और अन्य क्षेत्रों में योग सिखा रहे हैं।
उनका कहना है कि शरीर और मन को स्वस्थ रखने का यही एकमात्र सरल उपाय है। गौरीश्वरानंद पुरी ने बताया कि आम लोगों की अति व्यस्त दिनचर्या होने से वे न तो शारीरिक और न मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रख पा रहे हैं।
प्रतिदिन योग के लिए अपनी सुविधा के मुताबिक थोड़ा समय निकालें तो शरीर और मन स्वस्थ हो सकते हैं। आदर्श दिनचर्या, संतुलित आहार और शुद्ध खानपान ये तीन चीजें जीवन में अपनाएं। रोज अगर 15 मिनट या आधे घंटे के बीच सूर्य नमस्कार आसन, कपालभाति क्रिया और कुछ प्राणायाम किए जाएं तो शरीर और मन तंदुरुस्त होंगे।
पहले योगासन करें फिर प्राणायाम
सुबह जल्दी उठें। रात को देरी से सोते हों तो छह घंटे सोने के बाद उठ लें। कम से कम आधा घंटा निकाल पाएं तो बहुत अच्छा होगा। नहीं तो पंद्रह मिनट भी ठीक हैं। नींद से जागते ही कोसा पानी में नींबू का रस और कुछ नमक डालें। इस घोल को बड़ा आदमी एक लीटर और छोटा बच्चा आधा लीटर तक पीएं। फिर शौच जाएं।
शौच जाने में समस्या हो तो वस्ति क्रिया करें। इसमें पांच आसन विपरीतकरणी मुद्रा, शलभासन, त्रिकोणासन, हस्तपादासन और योग मुद्रा करें। इसके बाद स्नान कर लें। फिर सूर्य नमस्कार आसन करें। इसकी बारह मुद्राओं को दो से तीन बार दोहराएं। बाकी समय हो तो और आसन भी करें।
इसके लिए किसी योग्य प्रशिक्षक से जानकारी लें। योगासनों के बाद कपालभाति क्रिया करें। रीढ़ की हड्डी को तानकर बैठें। अब सांस को बाहर छोड़ें और पेट को अंदर करें। एक मिनट में 60 आघात दें। इसमें जोर-जबरदस्ती न करें और सामान्य रहकर ही इस क्रिया को करें। इसके बाद उद्घात, नाड़ी शोधन, उज्जयी, उद्गीत और भ्रामरी प्राणायाम करें।