धर्मशाला में फिर दिखेगा क्रिकेट का रोमांच, भारत-श्रीलंका वन-डे का काउंटडाउन शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच शुरू होने वाला है। भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच का काउंटडाउन शुरू हो गया है।
भारत दौरे पर आने वाली पड़ोसी देश श्रीलंका की टीम अपना पहला वन-डे मैच 10 दिसंबर को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेलेगी। दोनों टीमें सात और आठ दिसंबर को धर्मशाला पहुंच जाएंगी।
एचपीसीए से मिली जानकारी के अनुसार दोनों टीमें आठ और नौ दिसंबर को एचपीसीए मैदान में अभ्यास करेंगी। श्रीलंका के खिलाड़ी सुबह के सत्र में, जबकि भारतीय खिलाड़ी शाम के सत्र में अभ्यास करेंगे।
वहीं, एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि वन-डे मैच के सफल आयोजन को लेकर एचपीसीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। खिलाड़ियों के ठहरने से लेकर सभी माकूल इंतजाम किए जाएंगे।
नवंबर के अंत में शुरू होगी टिकट बिक्री
एचपीसीए स्टेडियम में वन-डे मैच के लिए 15 नवंबर के बाद पिच के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। वहीं, एचपीसीए सूत्रों की मानें तो मैच के लिए टिकटों की बिक्री नवंबर के अंत में शुरू होगी।
नौ माह बाद लौटेगा क्रिकेट का रोमांच
धर्मशाला में नौ माह बाद क्रिकेट का रोमांच लौटेगा। इससे पहले इस साल मार्च में धर्मशाला में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच का सफल आयोजन हो चुका है। 20 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एचपीसीए स्टेडियम में दस दिसंबर को होने वाले भारत-श्रीलंका वन-डे मैच के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।