शराबबंदी लागू करने वाली देश की सबसे युवा प्रधान को जान से मारने की धमकी
देश की सबसे युवा पंचायत प्रधान जबना चौहान को जान से मारने की धमकी मिली है। अपनी पंचायत में शराबबंदी लागू करने वाली गोहर खंड की पहली पंचायत थरजूण की प्रधान जबना चौहान को उसी की पंचायत के एक व्यक्ति ने शराब के नशे में धुत होकर जान से मारने की धमकी दी है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर जाकर आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने घटना की पुष्टि की है।
यहां जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार थरजूण निवासी लाल सिंह शराब के नशे में केलोधार कस्बे में लोगों के साथ गालीगलौज कर रहा था। लोगों ने इसकी सूचना गोहर पुलिस को दी। इसके बाद लोगों ने पंचायत प्रधान जबना चौहान को घटना के बारे में सूचित किया।
केलोधार के लोगों की सूचना पर जब प्रधान केलोधार पहुंची तो शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने पंचायत प्रधान जबना चौहान से गालीगलौज शुरू कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। मामला उग्र होने पर केलोधार के दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी।
सर्वप्रथम अपनी पंचायत में शराबबंदी लागू की
मौके पर पहुंची गोहर पुलिस की टीम ने शराब के नशे में हुड़दंग मचा रहे व्यक्ति पर जब शिकंजा कसा तो उसने पुलिस के सामने पंचायत प्रधान के साथ अभद्र व्यवहार किया।
इस पर पुलिस ने 107-151 सीआरपीसी के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पंचायत प्रधान ने बताया कि लाल सिंह हमेशा शराब के नशे में रहता है और इसने अपने पिता पर भी दराट से वार किया था।
उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबना चौहान देश की युवा प्रधान है और उन्होंने सर्वप्रथम अपनी पंचायत में शराबबंदी लागू की थी। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।