धर्मशाला की तेज पिच पर टॉस का रहेगा अहम रोल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अब तक दो अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। दोनों एक दिवसीय मैचों में टीम इंडिया टॉस नहीं जीत पाई है। टीम इंडिया के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी दो अक्तूबर को धर्मशाला में होने वाले टी-20 मैच में टॉस जीतना चाहेंगे, क्योंकि तेज और उछाल भरी धर्मशाला की पिच पर टॉस अहम भूमिका निभा सकता है।
यह मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का पहला मैच होगा। ऐसे में दोनों टीमों के लिए टॉस अहम रोल अदा करेगा। यह मैदान भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली और मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना के लिए लक्की रहा है। इस बार भी प्रशंसकों को भारतीय टीम के इन स्टार खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
कोहली बने थे मैन ऑफ द मैच
यहां खेले गए दोनों मैचों में जहां सुरेश रैना ने दो अर्द्धशतक जमाए हैं, वहीं विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतकीय पारी खेली है। इस मैच में कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया था। प्रशंसक एमएस धोनी, रोहित शर्मा और शिखर धवन से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस मैदान पर खेले गए दो एकदिवसीय मैचों में से एक में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि दूसरे मैच में जीत दर्ज की है।
27 जनवरी, 2013 को इंग्लैंड के हाथों भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ 17 अक्तूबर, 2014 को खेले गए मैच में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी। इस मैच में टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 330 रन बनाए थे, जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 271 रन ही बना पाई थी।