Shimla: जिले में 5,83,949 मतदाता, बर्फबारी की स्थिति में डोडरा क्वार हेलिकाप्टर से पहुंचेगी चुनाव सामग्री
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी आदित्य नेगी ने कहा कि मतदान के दिन बर्फबारी की संभावनाओं को देखते हुए डोडरा क्वार, चांशल में मतदान के लिए सड़कें बहाल रखने को मशीनें लगाई जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी आदित्य नेगी ने कहा कि मतदान के दिन बर्फबारी की संभावनाओं को देखते हुए डोडरा क्वार, चांशल में मतदान के लिए सड़कें बहाल रखने को मशीनें लगाई जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर चुनाव सामग्री को हेलिकॉप्टर से क्षेत्र में स्थापित किए मतदान केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 अक्तूबर से चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 17 से 25 अक्तूबर तक नामांकन दाखिल होंगे और 27 को नामांकनों की छंटनी प्रक्रिया पूरी होगी।
इसके बाद 29 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 12 नवंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी। उम्मीदवारों की प्रचार सामग्री के सत्यापन के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मानीटरिंग कमेटी का गठन भी कर दिया है। इस कमेटी के सत्यापन के बिना कोई भी विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया जा सकता। टैक्सी, टेंपो यूनियन, लोकल केवल आपरेटर को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पालन करना होगा। फोटोयुक्त मतदाता सूचियां का प्रकाशन भी कर दिया गया है। छूटे मतदाताओं के नाम दर्ज करने कार्य चल रही है।
100 वर्ष से अधिक आयु के हैं 21 मतदाता
जिले में 7,156 दिव्यांग मतदाता, 80 वर्ष से अधिक की आयु के 11,116 और 100 वर्ष की उम्र पार कर चुके 21 मतदाता हैं। दिव्यांग और 100 वर्ष की उम्र पार कर चुके मतदाता घर से भी मतदान कर सकेंगे।
कोई धमकाए तो यहां करें कॉल
शिमला। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी आदित्य नेगी ने कहा कि मतदाताओं को कोई डराता या धमकाता है तो मतदाता बेखौफ इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 18001808059 पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशियों को 10 हजार से ऊपर का भुगतान चेक से करना होगा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय स्थित बचत भवन में बैंकर्स की बैठक ली। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के नगदी संबंधित निर्देशों से बैंकर्स को अवगत करवाया। बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी को बैंक खाता खोलना और 10,000 से ऊपर का भुगतान चेक द्वारा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बैठक में उपस्थित बैंकर्स से आह्वान किया की निष्पक्ष एवं पारदर्शी विधानसभा चुनाव के लिए वह संदिग्ध खातों पर नजर रखें और शंका होने पर तुरंत निर्वाचन अधिकारी को सूचित करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था राहुल चौहान और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल सचिन कंवल भी मौजूद रहे।
जिले के ठियोग विस क्षेत्र मेंसर्वाधिक 85,370 मतदाता
शिमला जिले में सर्वाधिक 85,370 मतदाता ठियोग विधानसभा क्षेत्र में हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी आदित्य नेगी ने दी। जिले में आठ विस क्षेत्र हैं। शिमला शहरी सीट में सबसे कम 48,279 मतदाता हैं। ठियोग में सबसे अधिक 161 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। जिले में 5,83,949 मतदाता हैं। इनमें 2,98,171 पुरुष और 2,85,778 महिला मतदाता हैं। जिले में 1044 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। आठ विधानसभा क्षत्रों में 2591 कर्मचारी पोस्ट बैलेट से मत प्रयोग करेंगे। चुनावों के लिए जिला और उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारी, सेक्टर ऑफिसर, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सुपरवाइजर नियुक्त किए हैं।
ठियोग में सर्वाधिक 42,341 महिला मतदता
जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में 2,85,778 महिला मतदाता हैं। इनमें ठियोग विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक 42,341 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा चौपाल में 39,245, कसुम्पटी में 32,280 शिमला शहरी में 23,106, शिमला ग्रामीण में 38,204, जुब्बल-कोटखाई में 36,808, रामपुर में 37265 और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में 36,529 महिला मतदाता हैं।
कहां कितने पोलिंग स्टेशन और मतदाता
विस क्षेत्र पोलिंग स्टेशन मतदाता
चौपाल 146 81,005
ठियोग 161 85,370
कसुम्पटी 108 66,722
शिमला शहरी 91 48,279
शिमला ग्रामीण 133 77,679
जुब्बल-कोटखाई 129 73,057
रामपुर 153 76,852
रोहड़ू 133 74,985
घर से मतदान करने के लिए भरना होगा 12-डी फॉर्म
निर्वाचन प्रक्रिया में जनता की सहभागिता बढ़ाने के लिए शनिवार को भट्ठाकुफर स्कूल में स्वीप गतिविधियों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक आयुक्त डॉ. पूनम की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया गया। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि इस साल पहली बार 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग और दिव्यांग पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से भी अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें बीएलओ के माध्यम से 12 डी फॉर्म भर कर जमा करना होगा।
ब्लू नेल पॉलिश याद दिलाया, देना है वोट
भट्ठाकुफर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्लू नेल कैंपेन की शुरुआत भी की गई। इसमें अध्यापकों और प्रशिक्षु अध्यापकों को ब्लू नेल पॉलिश लगाई गई। इसका मकसद लोगों को उनके वोटिंग अधिकार के प्रति जागरूक करना है। यह ब्लू नेल पॉलिश मतदाता को मतदान के लिए याद दिलाता रहेगा। इस अवसर पर कसुम्पटी निर्वाचन क्षेत्र में बालतंत्र अभियान की भी शुरुआत की गई। बालतंत्र अभियान में मतदान के दिन बच्चे अपने घर के सभी बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं को चुनाव में बढ़चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान चुनाव से संबंधित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया जिसमें छात्रों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।