बाजारों में शिमला के अनारदाने की बढ़ी मांग, ये है बड़ी वजह
मसालों के अलावा आयुर्वेदिक दवाएं, पाचक चूर्ण और गोलियां बनाने में अनारदाना इस्तेमाल होता है। अनारदाना की चटनी खाने में जहां स्वादिष्ट होती है वहीं गर्मी में पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखती है।
पाकिस्तान से आयात बंद होने के बाद देश भर के मसाला बाजारों में शिमला के अनारदाने की मांग बढ़ गई है। अनारदाना खरीदने के लिए देश की बड़ी मसाला कंपनियों एमडीएच, एवरेस्ट, रुचि और पतंजलि के प्रतिनिधियों ने शिमला में दस्तक देना शुरू कर दी है।
इस बार शिमला में अनारदाने की उपज बीते साल के मुकाबले कम है और मांग अधिक है। लिहाजा, कीमतों में भी इजाफा हुआ है। शिमला के गंज बाजार में अनारदाना की आमद शुरू हो गई है हालांकि सीजन की शुरुआत थोड़ी धीमी है।
शिमला जिला के सुन्नी, भज्जी, दाड़गी, धामी, माहूनाग के लोग अनारदाना बेचने शिमला आते हैं। शुरुआत में अनारदाना 400 से 650 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, पिछले साल रेट 300 से 450 रुपये था।
टीडीएस फर्म के संचालक अजय कुठियाला ने बताया कि हर साल करीब तीन लाख किलो (3000 क्विंटल) माल गंज बाजार पहुंचता है। इस बार बारिश से फूल झड़ गए और कीड़े लगने से उत्पादन आधे से कम रह गया है। अनारदाना तैयार करने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी : मनु
गंज बाजार में सौ साल पुरानी हंसराज की आढ़त के संचालक मनु सूद ने बताया कि इस बार शिमला के अनारदाना की मांग बहुत ज्यादा है। मसाला कंपनियों के प्रतिनिधि अनारदाना लेने के लिए दस्तक दे रहे हैं। बीते साल के मुकाबले इस बार कीमतों में भी तेजी चल रही है।
शुरुआत में ही रेट 400 ये 650 रुपये प्रति किलो चल रहे हैं। उधर, खारी बावली पुरानी दिल्ली मसाला मार्केट के कारोबारी सुभाष चंद ने बताया कि इस बार पाकिस्तान से आयात न होने के कारण छुआरा और अनारदाना के रेट में तेजी है।
शिमला अनारदाना सेहत के लिए फायदेमंद
बढ़िया क्वालिटी के कारण शिमला के अनारदाने की मांग अधिक है। यहां का अनारदाना ज्यादा खट्टा होता है और लंबे समय तक खराब नहीं होता। मसालों के अलावा आयुर्वेदिक दवाएं, पाचक चूर्ण और गोलियां बनाने में अनारदाना इस्तेमाल होता है।
अनारदाना की चटनी खाने में जहां स्वादिष्ट होती है वहीं गर्मी में पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखती है। मसालों के अलावा आयुर्वेदिक दवाएं, पाचक चूर्ण और गोलियां बनाने में अनारदाना इस्तेमाल होता है। अनारदाना की चटनी खाने में जहां स्वादिष्ट होती है वहीं गर्मी में पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखती है।