मात्र 1400 रु में रोमांचक सफर, बर्फ से लकदक 4 दर्रों को पार कर पहुंचेंगे लेह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल पथ परिवहन निगम ने देश के सबसे लंबे केलांग-लेह-दिल्ली रूट पर बस सेवा शुरू कर दी है। उपायुक्त लाहौल स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने सुबह करीब पांच बजे बस को हरी झंडी दिखाकर लेह के लिए रवाना किया। बस में एक विदेशी समेत 16 सवारियों को जनजातीय परंपरा के अनुसार खतग पहनाकर विदा किया गया।
केलांग डिपो के आरएम मंगल चंद मनेपा ने कहा कि बस को केलांग से लेह लद्ददाख पहुंचने में 16 घंटे का समय लगेगा। बस बर्फ के लकदक बारालाचा, लाचू लॉ और तंगलंग लॉ दर्रों को पार कर लेह पहुंचेगी। पिछले साल खराब मौसम के कारण 15 सितंबर को यह बस सेवा बंद हो गई थी। अब लगभग आठ महीने बाद केलांग-लेह-दिल्ली बस सेवा को फिर से शुरू की गई है।
महज 1400 रुपये खर्च
1072 किलोमीटर लंबे इस सफर के लिए सैलानियों को महज 1400 रुपये खर्च करने होंगे। देश के अन्य हिस्सों से लेह-लद्दाख जाने वाले सैलानियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। एनजीटी के आदेश के चलते रोहतांग से लाहौल और लद्दाख जाने के लिए निजी वाहनों को मनाली प्रशासन से अनुमति लेनी पड़ रही है।
निगम की बस सेवा शुरू होने से सैलानी इस झंझट से बच सकेंगे। मनेपा ने कहा कि सफर में तीन चालक शिफ्ट वाइज बस का संचालन करेंगे, जबकि सीट बुक करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू की गई है।
बस सेवा शुरू होने के बाद लेह-लद्दाख के साथ लाहौल घाटी में पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी ने कहा कि लेह दिल्ली बस सेवा शुरू होने से देश विदेश के सैलानियों को राहत मिलेगी।