{"_id":"6ae9e19d5f851f32f6074d53","slug":"hrtc-employees-expect-to-receive-their-salaries-before-diwali-matter-discussed-in-a-meeting-with-the-manageme-2026-11-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"शिमला: एचआरटीसी कर्मियों को दिवाली से पहले वेतन मिलने की उम्मीद, प्रबंधन के साथ बैठक में हुआ मंथन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिमला: एचआरटीसी कर्मियों को दिवाली से पहले वेतन मिलने की उम्मीद, प्रबंधन के साथ बैठक में हुआ मंथन
Tue, 03 Nov 2026 06:59 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 03 Nov 2026 06:59 PM IST
सार
कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी करने को लेकर परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने मंगलवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) ओंकार शर्मा के साथ बैठक की।
विज्ञापन
एचआरटीसी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन मिलने की उम्मीद जगी है। कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी करने को लेकर परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने मंगलवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) ओंकार शर्मा के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों के वेतन भुगतान के साथ निगम के पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, इन मामलों में अंतिम निर्णय उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ होने वाली बैठक में लिया जाएगा।
विज्ञापन
एचआरटीसी में करीब 11 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। हर महीने इन्हें वेतन के लिए इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में दिवाली से पहले वेतन जारी करने को लेकर निगम प्रबंधन और सरकार के स्तर पर प्रयास शुरू किए गए हैं। मंगलवार को हुई बैठक में वेतन भुगतान की व्यवस्था और इसके लिए जरूरी वित्तीय संसाधनों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। निगम प्रबंधन चाहता है कि त्योहार से पहले कर्मचारियों को वेतन मिल जाए। बैठक में एचआरटीसी कर्मचारियों के लिए पांच फीसदी और पेंशनरों के लिए आठ फीसदी महंगाई भत्ते (डीए) के साथ लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान के मामले पर भी चर्चा हुई।
विज्ञापन
पेंशनरों की लंबे समय से मांग है कि उनके वित्तीय लाभों का समय पर भुगतान किया जाए। पेंशनर एसोसिएशन ने सरकार और निगम प्रबंधन को पांच नवंबर तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि तय समय तक मांगें नहीं मानी गईं तो धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। अब उपमुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों की बैठक में वेतन और पेंशनरों की मांगों पर अंतिम फैसला होने की संभावना है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) के साथ कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों पर सार्थक चर्चा हुई है।
विज्ञापन