नहीं मिली पेंशन, परिवार सहित करेंगे आंदोलन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनर दो माह से पेंशन के लिए तरस गए हैं। करीब 3200 पेंशनरों को पेंशन का भुगतान नहीं हो पाया है। यही नहीं 43 महीनों से डीए भी नहीं मिला है। अन्य विभागों के कर्मचारियों को डीए का भुगतान कर दिया गया है लेकिन एचआरटीसी कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ सरकार भेदभाव बरत रही है। यह आरोप हिमाचल पेंशनर्स कल्याण संघ ने लगाया है। कहा कि परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। पेंशनर्स कल्याण संघ ने चेताया कि अगर पेंशन, डीए को जारी नहीं किया तो परिवार सहित आंदोलन करेंगे।
कहा कि इसके लिए एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार जिम्मेदार होगी। पेंशनर कल्याण संघ का आरोप है कि निगम के अधिकारियों से जब पेंशन की बात की जाती है तो वे बीओडी की अनुमति का रोना रोते हैं। संघ का कहना है कि पेंशन या डीए का संबंध बीओडी से नहीं है। निगम प्रशासन को बिना देरी कर्मियों का बकाया भुगतान करना चाहिए।
छह करोड़ जारी, नहीं मिली पेंशन
हिमाचल पेंशनर्स कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा और जिला महासचिव बिक्रम राणा का कहना है कि पेंशनर संघ ने परिवहन मंत्री से मिलकर छह करोड़ राशि पेंशन फंड के लिए जारी करवाई।
बावजूद इसके पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल पाई है। संघ नेताओं का आरोप है कि निगम प्रबंधन वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों से वंचित कर रहा है। संघ ने सरकार से अगस्त, सितंबर की पेंशन एकमुश्त और जल्द जारी करने की मांग की है।
यह निगम प्रबंधन स्तर का मामला है। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।
-दलजीत सिंह डीएम, हमीरपुर, एचआरटीसी
निगम के पेंशनरों का डीए काफी समय से लंबित है। अगस्त की पेंशन का जल्द भुगतान कर दिया जाएगा। दिवाली तक सितंबर की पेंशन का भी भुगतान कर दिया जाएगा।
-आरएन बत्ता, एमडी एचआरटीसी