HRTC चालक भर्ती का परिणाम घोषित, 500 उत्तीर्ण
एचआरटीसी को 500 नए चालक मिल गए हैं। परिवहन निगम ने चालक भर्ती का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। ढाई सौ चालकों की लांग रूट पर सेवाएं ली जाएंगी, जबकि अन्य चालकों की हिमाचल और शहरों के लोकल रूटों पर सेवाएं ली जाएंगी। नई भर्ती से एचआरटीसी में चालकों की कमी दूर हो जाएगी।
एचआरटीसी ने अनुबंध के आधार पर 500 चालकों के पद भरने की कवायद शुरू कर की थी। इसके लिए प्रदेश भर से करीब दस हजार युवाओं ने आवेदन किया था। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया था। ड्राइविंग टेस्ट सहित लिखित परीक्षा करवाई गई। इसके बाद निगम ने परिणाम घोषित किया है। सफल हुए चालकों के लिए 15 दिन की ट्रेनिंग करवाई जाएगी।
दूर होगी चालकों की कमी
इसके बाद इन्हें बस रूटों पर भेजा जाएगा। एचआरटीसी संयुक्त समन्वय समिति के सचिव खमेंद्र गुप्ता ने बताया कि 500 चालकों का परिणाम घोषित करने से निगम में चालकों की कमी दूर हो गई है। अब चालकों को साप्ताहिक अवकाश भी मिल सकेंगे उन्होंने कहा कि निगम में परिचालकों की कमी खल रही है। उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन से लगातार इस मामले को उठाया जा रहा है।
परिवहन निगम को इस वक्त 400 से अधिक परिचालकों की जरूरत है। हालांकि परिवहन निगम ने दफ्तरों में बैठे कई कर्मचारियों की फील्ड में तैनाती की है लेकिन फिर भी एचआरटीसी की व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। परिवहन मंत्री जीएस बाली का कहना है कि एचआरटीसी चालकों का भर्ती परिणाम घोषित कर दिया गया है। निगम के बेड़े में 500 नए चालक शामिल किए जा रहे हैं। ये जल्द ड्यूटी ज्वाइन करेंगे।