हिमाचलः बसों की हड़ताल से यातायात ठप, बुकिंग रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑल इंडिया रोड ट्रांस्पोर्ट वर्कर फेडरेशन के आह्वान पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के 10 हजार कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। आज सुबह से ही बसों की आवाजाही ठप है। लोग परेशानी झेल रहे हैं। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने और नौकरी पेशा लोगों को दफ्तर पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात 12 बजे से ही निगम की 2200 बसें थम गई हैं। तकरीबन 3900 रूटों पर सरकारी बसों के पहिये थम गए हैं। इनमें 700 से अधिक रूट बाहरी राज्यों के हैं। वहीं, कुछ प्राइवेट बस ऑपरेटर भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं। इससे परेशानी और बढ़ गई है। जहां पर प्राइवेट बसें चल भी रही हैं वहां बसों में इतनी भीड़ है कि लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यहां के लिए बढ़ी परेशानी, बुकिंग रद्द
155 वोल्वो बसों के पहिये भी रुक गए हैं। एचआरटीसी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ आदि राज्यों में भी अपनी सेवाएं देता है। इससे प्रदेश के लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, ज्यादातर निजी बस ऑपरेटर हड़ताल में शामिल नहीं हुए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम के 10 हजार से अधिक कर्मचारी केंद्रीय परिवहन सुरक्षा विधेयक के विरोध में 24 घंटे की हड़ताल कर रहे हैं।
कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से परिवहन निगम को डेढ़ से 2 करोड़ रुपये प्रतिदिन का नुकसान होगा। परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी संघ के बैनर तले इस हड़ताल का नोटिस सरकार को दो हफ्ते पहले दे दिया गया था। हड़ताल के कारण निगम ने वोल्वो बसों की 2 हजार के करीब बुकिंग भी रद्द कर दी हैं।
परिवहन विभाग ने बनाईं मानीटरिंग कमेटियां
भारतीय परिवहन मजदूर संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुभाष ने बताया कि हड़ताल में प्रदेश के सभी परिवहन यूनियनों के 11 हजार के अधिक कर्मचारी शामिल होंगे।
हड़ताल से निपटने के लिए परिवहन विभाग ने मानीटरिंग कमेटियां बनाई हैं। वे हड़ताल के असर पर नजर रखेंगी और यात्रियों को वैकल्पिक साधन मुहैया करवाने का प्रयास करेंगी। निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. आरएन बत्ता का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्यालय में नोडल अधिकारी मौजूद रहेंगे। यात्रियों की सुविधा को 94180-00529 नंबर जारी किया गया है।