HRTC बस की ब्रेक फेल, बाल-बाल बचे 20 यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेरवा से करीब दस किलोमीटर की दूरी पर शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस की ब्रेक फेल हो गई, लेकिन चालक की होशियारी से बड़ा हादसा होने से टल गया। नेरवा चौपाल के बीच नकोडा नाले में ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने बस को ढांक से टकरा कर रोकने में कामयाबी हासिल की।
बस में ब्रेक फेल होते समय बीस लोग सफर कर रहे थे। नेरवा से शिमला जाते समय करीब दस किलोमीटर की दूरी पर ब्रेक छोड़ गई। चालक को ब्रेक न लगने का एहसास होने पर उसने बस ढांक से टकरा दी। इसमें दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन बड़ा हादसा होने से टल गया।
चालक ने बचा ली यात्रियों की जान
हादसे के समय बस में सवार यात्री यशपाल चौहान, देवेद्र सिंह, मुनीष रांटा, राकेश शर्मा, हेमलता, विनोद कुमार, हितेश ठाकुर, फुलमा देवी, किशन कुमार, संजीव राणा, हेत राम ठाकुर, विजय कुमार और मंजीत ने कहा कि नेरवा में मुख्यमंत्री ने डिपो जरूर खोला, लेकिन सडकों पर खटारा बस चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि नेरवा में निगम का कोई वर्कशॉप नहीं है। बसों की मरम्मत तारादेवी के वर्कशाप से होती है। उन्होंने कहा यदि चालक समय पर पहल नहीं करता को बड़ा हादसा हो चुका होता । उन्होंने सरकार से मांग की है कि शीघ्र नेरवा बस डिपो को नई बसे उपलब्ध करवाई जाए।
परिवहन निगम के नेरवा बस अड्डा प्रभारी गीता राम शर्मा ने कहा कि नकौडा नाले के पास नेरवा से शिमला जा रही बस की ब्रेक फेल हुई है। नेरवा से रवाना होते समय बस ठीक थी। रास्ते में ब्रेक फेल होने के कारण की जांच चल रही है।