HP Panchayat Election: पंचायत चुनाव के दौरान नहीं रुकेंगे समयबद्ध परियोजनाओं के कार्य, निर्देश जारी
प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के दौरान भी प्रदेश के टाइम बाउंड विकास प्रोजेक्ट प्रभावित नहीं होंगे।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के दौरान भी प्रदेश के टाइम बाउंड विकास प्रोजेक्ट प्रभावित नहीं होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि समयबद्ध परियोजनाओं, जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों तथा पहले से स्वीकृत योजनाओं को नियमानुसार मंजूरी दी जाए, ताकि विकास कार्यों की रफ्तार बनी रहे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद ऐसे कार्य, जिनकी समय सीमा तय है और जिनमें देरी से सरकारी नुकसान या जनहित प्रभावित हो सकता है, उन्हें रोका नहीं जाएगा।
सड़कों से संबंधित कार्यों पर रोक बरकरार
आयोग ने कहा है कि विभागीय स्तर पर चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट, भवन निर्माण, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक योजनाओं को अनुमति देने में अनावश्यक देरी न की जाए। सरकारी विभागों में जरूरी पदों को भरने को भी आवश्यक स्वीकृति दी जा सकेगी। आयोग ने हालांकि पंचायत स्तर पर नए विकास कार्यों और विशेष रूप से सड़कों से संबंधित कार्यों पर रोक बरकरार रखी है। पंचायतों के माध्यम से नए कार्यों की घोषणा, नई स्वीकृतियां या चुनाव को प्रभावित करने वाले विकास कार्यों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयोग का मानना है कि पंचायत क्षेत्रों में नए कार्यों की मंजूरी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिए इन मामलों में सख्ती बरती जाएगी। किसी भी परियोजना को मंजूरी देने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि उसका सीधा संबंध चुनावी लाभ से न हो। यदि कोई मामला आचार संहिता से संबंधित पाया जाता है तो उसे आयोग की अनुमति के बाद ही आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में पंचायत चुनावों की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न विभागों में कई योजनाओं और प्रशासनिक मामलों के रुकने की आशंका जताई जा रही थी। जनहित और समयबद्ध परियोजनाओं पर चुनावी प्रक्रिया का असर नहीं पड़ेगा।