घर बैठे बुक करवाएं टैक्सी, सरकार ला रही है स्पेशल ऐप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के बड़े शहरों की तर्ज पर अब हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मोबाइल फोन से टैक्सियां बुक हो सकेंगी। लोगों को घर द्वार पर सेवा देने और टैक्सी चालकों के कारोबार का दायरा विस्तृत करने के लिए परिवहन विभाग ने नई योजना तैयार की है। इसके तहत एक मोबाइल एप्लीकेशन (एप) बनाया जाएगा। इसमें प्रदेश की सभी टैक्सियों का डाटा रखा जाएगा।
इसी माह परिवहन विभाग के अफसर इस योजना को लेकर प्रदेश की टैक्सी यूनियनों के साथ बैठक करेंगे। इसमें होने वाले फैसले के बाद आगामी कार्रवाई शुरू होगी। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि परिवहन विभाग की ओर से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर चलने वाली टैक्सियों का डाटा एक मोबाइल एप में स्टोर किया जाएगा।
मोबाइल ऐप से बुक की जा सकेगी टैक्सी
इस ऐप के माध्यम से किसी भी स्थान पर सिर्फ मोबाइल से टैक्सी बुक करवाई जा सकेगी। इससे जहां स्थानीय लोगों और सैलानियों को उचित दाम एवं सुगमता से टैक्सी सर्विस मिलेगी, वहीं टैक्सी ऑपरेटरों के कारोबार में भी वृद्धि होगी।
परिवहन मंत्री ने बताया कि बड़े शहरों में उबेर, ओला सहित कई अन्य कारपोरेट कंपनियां पहले से ही ऐसी सर्विस दे रही हैं, लेकिन उसमें टैक्सी ऑपरेटर के साथ इन कंपनी का लाभ जुड़ा होता है। हिमाचल में सारा मुनाफा टैक्सी ऑपरेटर को ही मिलेगा। जीएस बाली के मुताबिक परिवहन विभाग के अधिकारियों ने योजना का प्रारूप लगभग तैयार कर लिया है।
कैबिनेट में जाएगी बाइक टैक्सी योजना
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बाइक टैक्सी योजना के मॉडल को इस महीने होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इस साल बाइक टैक्सी योजना को शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश पथ परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के लिए राज्य के चार शहरों में बाइक टैक्सियां चलाएगा। पहले चरण में शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में पायलट आधार पर इन्हें चलाया जाएगा।