भाजपा सांसद शांता का ड्रीम प्रोजेक्ट पूरा करेगी कांग्रेस सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में भाजपा सांसद शांता कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट सिकरी धार सीमेंट प्लांट की फाइल पर धूल छंटने लगी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रोजेक्ट के जल्द शुरू होने की संभावनाएं जागृत कर दी हैं। सरकार सीमेंट प्रोजेक्ट के दोबारा टेंडर करवाना चाहती है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसके संकेत चंबा में दिए। चंबा में सांसद शांता कुमार जितनी बार भी आए, उन्होंने सिकरी धार सीमेंट प्रोजेक्ट शुरू करने की बात कही। लोकसभा चुनाव में भी इस मुद्दे को हवा दी थी। चंबा के विकास के लिए सीमेंट कारखाने को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था।
केंद्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनने के करीब दो साल बाद भी प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पाया। चुनाव जीतने के बाद चंबा पहुंचे शांता ने सीमेंट प्रोजेक्ट की गेंद राज्य सरकार के पाले में डाल दी। प्रोजेक्ट के शुरू होने या न होने के लिए राज्य सरकार का राजी होना जरूरी बताया था।
प्लांट को लेकर एक्शन में आए सीएम वीरभद्र
अब मुख्यमंत्री ने खुद इस प्रोजेक्ट को शुरू करने की बात कहकर चंबा में नई बहस छेड़ दी है। सिकरी धार का यह सीमेंट कारखाना करीब डेढ़ दशक से फाइलों में घूम रहा है। जिस समय पहली बार सीमेंट कारखाने की चर्चा शुरू हुई थी तो कई लोगों ने बैंकों से कर्ज लेकर ट्रक खरीद लिए।
मगर प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पाया। पूर्व सरकार ने एक निजी कंपनी को सीमेंट कारखाने के टेंडर भी आवंटित किए थे। कंपनी काफी समय तक काम शुरू नहीं कर पाई और बाद में सरकार ने कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया।
सरकार नए सिरे से मांगेगी निविदाएं : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि चंबा में सीमेंट कारखाना स्थापित करने का कार्य लटका है। कंपनी को कार्य पूरा करने में असफल रहने पर ब्लैक लिस्ट किया है। अब दोबारा से इसकी निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं।
वीरभद्र सिंह का स्वागत करूंगा : शांता
सांसद शांता कुमार ने कहा कि इस कदम के लिए वे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का स्वागत करेंगे। सरकार से वे पहले भी प्रोजेक्ट को शुरू करने का आह्वान कर चुके हैं। राज्य और केंद्र सरकार के तालमेल से प्रोजेक्ट शुरू हो पाएगा। इसका लाभ पूरे चंबा जिला को मिलेगा।