हिमाचल में खुला सरकारी नौकरियों का पिटारा, 1400 पदों पर भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिक्षा विभाग समेत बाकी विभागों में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर आई है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में 1400 पद भरने को मंजूरी दी गई है। सबसे ज्यादा 1100 पद शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को राज्य सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक शिक्षा विभाग के अलावा आबकारी एवं कराधान विभाग, स्वास्थ्य, टूरिज्म, एविएशन, बागवानी, एचपीएमसी, उद्योग, खेल और राजस्व विभाग में विभिन्न पद स्वीकृत किए गए हैं।
कैबिनेट की बैठक में शिक्षा विभाग में 600 जेबीटी और 500 पीजीटी के पद भरने को हरी झंडी दी गई। इनके लिए जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्कूलों में खाली पदों को देखते हुए इन्हें भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
इन विभागों में भी खुला नौकरियों का पिटारा
इसके अलावा आबकारी एवं कराधान विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 108 पद, नगरोटा बगवां में बने राजकीय फार्मेसी कॉलेज कांगड़ा में 30 पद, टूरिज्म विभाग में 29 पद और उद्योग विभाग में माइनिंग गार्ड के खाली पड़े 26 पद भरने को भी मंजूरी प्रदान की गई।
वहीं, टूरिज्म एवं सिविल एविएशन विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 19 पद, पीडब्ल्यूडी में जूनियर इंजीनियर (बागवानी) के आठ पद, आबकारी एवं कराधान निरीक्षक के सात पद, एचपीएमसी में चालकों के दो पद भरे जाएंगे।
यहां भी मिलेगा नौकरी का मौका, करें तैयारी
डॉ. वाईएस परमार विवि नौणी सोलन में टेक्निकल असिस्टेंट ग्रेड एक का एक पद, उद्योग विभाग में प्रोग्रामर का एक पद, एचपीएमसी में कंपनी सेक्रेट्री के एक पद, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के एक पद और लैंड रिकॉर्ड निदेशालय में चालक के एक पद को भरने की हरी झंडी दी गई।
प्रदेश में खुलेंगे 37 आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर
कैबिनेट ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 37 नए आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर खोलने को मंजूरी दी है। इसके साथ ही इन सेंटरों में जरूरी स्टाफ को भी रखने के लिए कैबिनेट ने हामी भरी है। सोलन जिले के चमियान में जरूरी स्टाफ सहित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को मंजूरी दी गई।
यहां 28 पदों पर होगी भर्ती
सुघ भटोली कॉलेज का अधिग्रहण होगा, 28 पद सृजित
मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिले के सुघ भटोली स्थित दीन दयाल महेश डिग्री कॉलेज को अधिग्रहीत करने का निर्णय लिया है। साथ ही विभिन्न श्रेणी के 28 पद भी सृजित किए गए हैं।
16 वेटनरी डिस्पेंसरी को मंजूरी, 13 अपग्रेड
सीएम की घोषणा के अनुसार प्रदेश कैबिनेट ने प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जरूरी स्टाफ सहित 16 वेटनरी डिस्पेंसरी खोलने की मंजूरी दी है। इसके अलावा प्रदेश के 13 वेटनरी डिस्पेंसरी को जरूरी स्टाफ सहित अपग्रेड कर वेटनरी अस्पताल बनाया जाएगा।
हिमाचल में होगी सात हजार शिक्षकों की भर्ती
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार सात हजार शिक्षकों की भर्ती करेगी। इस बारे में राज्य लोक सेवा आयोग और प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग को भर्ती के निर्देश जारी किए गए हैं। आने वाले समय में राज्य में ऐसा कोई भी स्कूल नहीं होगा, जहां रिक्त पद शेष बचेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के तमाम कॉलेजों और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में संगीत शिक्षकों की तैनाती होगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह एलान कैबिनेट बैठक से पहले अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2016 में किया।
भर्तियों में नहीं होगी देरी, आवेदन करने का शेड्यूल तय
हिमाचल प्रदेश में अब रिक्त पदों को भरने में सरकारी महकमे लेटलतीफी नहीं कर पाएंगे। राज्य कर्मचारी चयन आयोग में विभागों की ओर से मांगपत्र भेजे जाने की अंतिम तिथियां तय कर दी गई हैं। शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में ये महत्वपूर्ण फैसला हुआ।
सीएम वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ये तय किया गया है कि विभिन्न सरकारी विभागों को पदों को भरने में बेवजह होने वाली देरी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग को हर वर्ष 28 फरवरी व 30 जून तक पदों को भरने के लिए मांग पत्र पहुंच जाने चाहिए। यह भी निर्णय लिया गया कि आयोग के परामर्श से तिथियों को पहले भी किया जा सकता है।