उम्मीदों की चिट्ठियां थामे मंत्रियों-विधायकों के लंच टाइम का इंतजार करते रहे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा में दोपहर को बजट सत्र के छठे दिन भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस में घमासान मचा था तो बाहर उम्मीदों की चिट्ठियां थामे जनता मंत्रियों-विधायकों के लंच टाइम का इंतजार कर रही थी। बड़ी संख्या में प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्रियों और अपने विधायकों से मिलने आए। कई मंत्रियों, विधायकों ने भी भोजनावकाश में वक्त निकालकर जनता की समस्याएं निपटाईं। इनमें से किसी को छह मार्च को पेश किए जा रहे अगले वित्तीय वर्ष के बजट से उम्मीद थी तो कोई मौके पर ही अपनी समस्याओं का निपटारा करना चाह रहा था।
सुबह 11 बजे से ही लोग प्रदेश विधानसभा के गेट पर जुटना शुरू हो गए। वे पास बनाकर अंदर परिसर में प्रवेश करते रहे। कुछ लोगों ने कहा कि मंत्रियों, विधायकों को लंच टाइम में ही पकड़ना पड़ता है। शाम की गारंटी नहीं कि मिलना हो पाए कि नहीं। कई बार विधानसभा लंबी चलती है। कई बार शाम को मंत्री, विधायक सीधे भी निकल जाते हैं। फिर मंगलवार को कैबिनेट बैठक भी थी। ऐसे में लंच टाइम में ही मिलना था। नए बजट से तीन दिन पहले की मंत्रिमंडल की इस बैठक से भी उनकी उम्मीदेें बंधी रहीं।
रामपुर के लोगों ने दिखाया राजस्व नक्शा, बोले - स्कूल का स्थान बदलवाना है
मुख्य गेट पर रामपुर की दरकाली पंचायत से आए लोगों ने राजस्व नक्शा दिखाते हुए कहा कि वे शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से मिलना चाह रहे हैं। उन्हें वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का स्थान दरकाली से कुखी के लिए बदलना है। कुखी में पर्याप्त जमीन है। यहां स्कूल के बच्चे भी बढ़ जाएंगे। मंडल भाजपा अध्यक्ष भीमसेन की अध्यक्षता में भीतर जाकर यह प्रतिनिधिमंडल सुरेश भारद्वाज से मिला। भारद्वाज ने तत्काल एसडीएम रामपुर को फोन मिलाकर इनकी मदद करने को कहा।
कुपवी के दूरदराज गांव हरना की पेयजल समस्या लेकर विधानसभा पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
कुपवी के एक गांव का प्रतिनिधिमंडल जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर से मिलने के लिए कतार में लगा था। इस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पानी की एक पाइप को पहाड़ी इलाके से निकाला जा रहा है, जहां बर्फ जमी रहती है। इससे उनके गांव हरना के लिए पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पाइप दूसरे इलाके से भी निकाली जा सकती है। वह मंत्री के समक्ष यह मामला उठाएंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में हरना गांव के लच्छी राम शर्मा, रामलाल शर्मा, सुनील शर्मा, बलवीर शर्मा, दिनेश शर्मा आदि शामिल थे।
सिरमौर के दूरदराज इलाके के मिड डे मील कर्मचारी भी पहुंचे
विधानसभा प्रत्याशी रहे कश्यप सोलन के फोरलेन प्रभावितों की समस्या लेकर आए
सोलन से भाजपा के प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश कश्यप भी एक प्रतिनिधिमंडल फोरलेन प्रभावितों का लेकर आए। उन्होंने भी प्रतिनिधिमंडल को सीएम जयराम ठाकुर से मिलाना था। भीतर विधानसभा में सत्तारूढ़ दल और विपक्ष की नोकझोंक बाहर सुनाई दे रही थी तो उन्होंने चुटकी की - मुझे तुमने 336 वोट दिलाए होते तो मैं भी भीतर ऐसे गरजता।
बेटे को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष बनवाने आए एक नेता
बिलासपुर जिले के एक नेता अपने बेटे को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष बनवाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे। इनके पास भाजपा के एक बडे़ नेता का डीओ नोट था।
विधवा को मदद दिलाने को विधायक विनोद कुमार से मिले नाचन के लोग
परिसर में नाचन विधानसभा हलके के लोग इस क्षेत्र की एक विधवा को पति के देहांत पर मदद दिलाने को वहां के भाजपा विधायक विनोद कुमार से मिले। इस प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को इस महिला की व्यथा सुनाई तो उन्हें मदद का आश्वासन दिया गया।