रॉक सॉल्ट खदानें शुरू होने से खुलेंगे रोजगार के द्वार, सीएम से मिले इस कंपनी के एमडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मंडी में सोमवार को हिंदुस्तान साल्ट्स लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एसपी बंसल ने मुलाकात की। उनसे भूमि को पट्टे पर प्रदान करने का आग्रह किया।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बाद द्रंग क्षेत्र भारतवर्ष में रॉक सॉल्ट की सर्वोत्तम खदानों के लिए प्रसिद्ध है। इन खदानों को मई, 1963 में शुरू किया गया था और वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से गैर वन स्वीकृति तथा कंपनी द्वारा रॉयल्टी जमा न करने के कारण 15 जनवरी 2011 को बंद हो गई थी।
हालांकि मार्च, 2016 में फिर से चालू होने के बाद मैगल, द्रंग तथा गुम्मा खानों से रॉक सॉल्ट की खान हर वर्ष 7000 से 10000 मीट्रिक टन नमक निकाल रही है। कंपनी को 300 करोड़ रुपये की लागत का रॉक सॉल्ट संयंत्र स्थापित करने के लिए वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से मंजूरी मिली है।
रॉक सॉल्ट खदानें पूरी तरह से चालू होने पर लगभग 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उपायुक्त मंडी को भूमि के मुद्दे पर गौर करने को कहा है।
सांसद राम स्वरूप शर्मा ने भी खदानों को पुन: आरंभ करने में गहरी रुचि दिखाई है। कंपनी के एमडी एसपी बंसल ने कहा है कि द्रंग नमक खान से रोजाना 20 टन रॉक साल्ट का उत्पादन होगा।
सीएम के हलके के लोग चुटकी में हल करवा सकेंगे समस्याएं
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा हलके के लोगों की समस्याएं अब चुटकी में हल हो सकेंगी, क्योंकि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सचिवालय में अलग सेल खोल दिया गया है।
अब सिराज विधानसभा क्षेत्र के लोग सचिवालय के 106 नंबर कमरे में जाकर विभागीय और विभिन्न योजनाओं से संबंधित अपने काम करवा सकेंगे। लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कार्मिक विभाग की ओर से इस सेल में एचएएस अधिकारी नरेश कुमार की भी तैनाती की गई है।
मंगलवार को अधिकारी ड्यूटी ज्वाइन कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मंडी जिले के लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के लिए डीसी ऑफिस में सेल खुलवा दिया है।
मुख्यमंत्री समय-समय पर इस सेल में जाकर जनता के कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। इससे पहले हिमाचल में जब कांग्रेस सरकार थी, उस दौरान भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सचिवालय में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए सेल खोला था।
पूर्व में धूमल सरकार के कार्यकाल के दौरान भी विशेष सेल के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाता था। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी अपने विधानसभा और जिला के लोगों के लिए दो-दो सेल खोले हैं।