IPL-10 के लिए नीलामी आज: 3 हिमाचली क्रिकेटरों पर भी निगाहें
आईपीएल के दसवें संस्करण के लिए सोमवार को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में हिमाचल के तीन खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी। हिमाचल के दो अन्य खिलाड़ियों के लिए खुशी की खबर यह है कि इन्हें पुरानी फ्रेंचाइजी ने अपने साथ रखा है। ये दोनों अपनी पुरानी टीम के साथ ही जुड़े रहेंगे।
अंकुश बैंस राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स के साथ जुड़े रहेंगे। इन्हें टीम ने दस लाख कीमत के साथ टीम में रखा है। इनके अलावा बिपुल शर्मा भी गत वर्ष की टीम से ही खेलेंगे। ये भी दस लाख की कीमत के साथ सनराइज हैदराबाद की टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।
इधर, नीलामी में शामिल 352 खिलाड़ियों की सूची में हिमाचल के तीन क्रिकेटर भी शामिल हैं। तीनों क्रिकेटरों का पुरानी टीमों के साथ करार खत्म हो गया है। ऐसे में इस बार इनको नई टीम मिल सकती है।
आलराउंडर ऋषि धवन पर सबकी निगाहें
दो सीजन किंग्स इलेवन पंजाब से खेल रहे हिमाचल के आलराउंडर ऋषि धवन पर सबकी निगाहें रहेंगी। भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके ऋषि धवन आईपीएल के हर संस्करण में खेल चुके हैं। पंजाब के अलावा वे मुंबई इंडियन्स की टीम में भी खेल चुके हैं।
इसके अलावा पिछले सीजन गुजरात लायंस से खेलने वाले प्रदेश के बल्लेबाज पारस डोगरा भी नीलामी वाली सूची में शामिल हैं। पारस डोगरा भी लगातार आईपीएल में खेल रहे हैं। ऐसे में इन पर भी नई टीम की नजर रहेगी। हिमाचल के युवा आलराउंडर निखिल गांगटा पर फ्रेंचाइजी दांव खेल सकती है।
आईपीएल में हिमाचलियों का प्रदर्शन बेहतरीन : मरवाह
प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव विशाल मरवाह ने कहा कि हिमाचल के खिलाड़ी लगातार आईपीएल में खेल रहे हैं और इनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। इस बार भी उम्मीद है कि हिमाचली क्रिकेटरों पर टीमें भरोसा कायम रखेंगी।