मौसम: हिमाचल में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, प्रदेश में 143 सड़कें और 34 पेयजल योजनाएं अभी भी ठप
रोहतांग, शिकारी देवी, कमरूनाग समेत ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। 25 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी हुई है। 25 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को रोहतांग, शिकारी देवी, कमरूनाग समेत ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। सोलंगनाला में फाहे गिरे और राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 143 सड़कें और 34 पेयजल योजनाएं ठप रही।रोहतांग दर्रा सहित ऊंची पहाड़ियों में दस सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। पांगी-किलाड़-केलांग और मनाली का मार्ग बार-बार हिमस्खलन व भूस्खलन से अवरूद्ध हो रहा है। शुक्रवार को भी रहोली और कडुनाला के बीच में भूस्खलन से मार्ग काफी समय तक बंद रहा। शाम पांच बजे धर्मशाला में हल्की बूंदाबांदी हुई। दुर्गम पर्यटन क्षेत्र मुल्थान में देर शाम को पहाड़ों पर हिमपात शुरू हुआ। कई दिनों बाद शुक्रवार को इंद्रुनाग में एक पैरा ग्लाइडर ने उड़ान भरी। राजधानी शिमला में शुक्रवार को मौसम मिलाजुला रहा।
सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर बाद बादल छा गए। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई। सोलंगनाला सभी तरह के पर्यटक वाहनों के लिए खुल गया है। बर्फ देखने के लिए भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। अटल टनल रोहतांग अभी बंद है। इसके अलावा अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर के साथ सिस्सू, रोहतांग दर्रा, कोकसर, मढ़ी, कोठी, हामटा, जलोड़ी दर्रा, कुंजुम दर्रा तथा बारालाचा में ताजा बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड पड़ी है। सोलंगनाला से आगे मार्ग सैलानियों के लिए पिछले 15 दिनों से बंद है। उधर, शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 19.8, बिलासपुर में 18.5, नाहन में 17.2, सोलन-हमीरपुर में 17.0, कांगड़ा में 16.9, सुंदरनगर में 16.4, भुंतर में 15.1, चंबा में 13.2, धर्मशाला में 13.0, शिमला में 8.3, कल्पा में 6.3, कुफरी में 3.0, डलहौजी में 2.0 और केलांग में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 9.4
कल्पा - 3.2
मनाली - 0.2
डलहौजी 1.3
शिमला 1.6
कुफरी 2.6
सोलन 3.6
धर्मशाला 5.2