हिमाचल पुलिस एडवाइजरी: मुसीबत न बने ट्रैकिंग का रोमांच, पहाड़ों में संभलकर चलें पर्यटक
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ट्रैकिंग पर जाने वाले सैलानियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलता है और रास्तों की सही जानकारी न होने पर पर्यटक मुश्किल में फंस सकते हैं।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
हिमाचल प्रदेश में विंटर टूरिस्ट सीजन शुरू होने से ठीक पहले पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ट्रैकिंग पर जाने वाले सैलानियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने पर्यटकों और ट्रैकर्स से निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने, यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने और अनजान रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलता है और रास्तों की सही जानकारी न होने पर पर्यटक मुश्किल में फंस सकते हैं।
यात्रा शुरू करने से मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त करें
पुलिस के अनुसार ट्रैकिंग या किसी दुर्गम पर्यटन स्थल की यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यात्रा के दौरान निर्धारित रास्तों से अलग न जाएं। अनजान रूटों और जंगलों की ओर जाने से बचें। पर्यटकों को अपनी यात्रा की जानकारी परिजनों या परिचितों को देने की भी सलाह दी गई है, ताकि किसी आपात स्थिति में समय रहते मदद पहुंचाई जा सके। प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ों की यात्रा के दौरान रोमांच के साथ सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें। निर्धारित मार्गों का पालन और मौसम की जानकारी जैसी छोटी सावधानियां किसी बड़े हादसे से बचा सकती हैं।
मौसम और रास्तों की जानकारी के बिना न करें ट्रैकिंग
पुलिस ने पर्यटकों को सलाह दी है कि पहाड़ों में ट्रैकिंग के दौरान मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें। बारिश, बर्फबारी, धुंध और कम दृश्यता के दौरान यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में मौसम अनुकूल न होने पर ट्रैकिंग टाल दें। पर्याप्त गर्म कपड़े, पानी, जरूरी दवाइयां और मोबाइल फोन साथ रखें। समूह में यात्रा करना और दिन के उजाले में ही ट्रैकिंग पूरी करना भी सुरक्षित विकल्प है।
आपात स्थिति में 112 पर दें सूचना
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता के लिए 112 हेल्पलाइन का उपयोग करने को कहा है। रास्ता भटकने, किसी सदस्य के लापता होने या अन्य संकट की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। हाल ही में अंजनी महादेव जाते समय रास्ता भटका एक युवक फातड़ू के जंगल में फंस गया था। 112 पर सूचना मिलने के बाद कुल्लू पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
