हिमाचल प्रदेश: किसानों को घर के नजदीक मिलेंगी मंडी सुविधाएं, उपज का मिलेगा बेहतर दाम
प्रदेश की 10 कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) के माध्यम से इन 89 मंडियों का संचालन किया जा रहा है। फल, सब्जी और अनाज मंडियों का नेटवर्क बढ़कर 89 हो गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में किसानों और बागवानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने और घर के नजदीक बाजार सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विपणन अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में 166 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके तहत प्रदेश में फल, सब्जी और अनाज मंडियों का नेटवर्क बढ़कर 89 हो गया है। इनका संचालन 10 कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) के माध्यम से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड मंडियों के विस्तार और सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2025-26 में प्रदेश की मंडियों के माध्यम से लगभग 33 लाख क्विंटल फल, 19 लाख क्विंटल सब्जियां और 2.41 लाख क्विंटल खाद्यान्न का विपणन किया गया। दूरदराज के क्षेत्रों के किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध करवाने के लिए हमीरपुर में 10 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीन मंडी विकसित की जा रही है।
इन क्षेत्रों में नई मंडियां बनाई जा रहीं
इसके अलावा बिलासपुर के निहाल, कांगड़ा के टांडा, चंबा के पांगी, लाहौल के करगा और शिमला के डकोलड़ में करीब 39 करोड़ रुपये से नई मंडियां बनाई जा रही हैं। फल और सब्जियों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए शिमला के पराला में 67 करोड़ रुपये की लागत से 5600 मीट्रिक टन क्षमता का नियंत्रित वातावरण (सीए) भंडारण केंद्र तैयार हो चुका है। मंडी के जड़ोल और सोलन के परवाणू में भी 30-30 करोड़ रुपये की लागत से भंडारण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इनसे किसानों और बागवानों को फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और अनुकूल समय पर उपज बेचने में मदद मिलेगी। मौजूदा मंडियों के आधुनिकीकरण पर 22.60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि कृषि विपणन बोर्ड और मंडी समितियों की कार्यप्रणाली को डिजिटल बनाने के लिए 7.43 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कृषि-बागवानी उत्पादों की नौ श्रेणियां अधिसूचित
कृषि व्यापार को व्यवस्थित करने के लिए हिमाचल प्रदेश कृषि एवं बागवानी उपज विपणन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 2005 की धारा-2 के तहत उत्पाद अधिसूचित किए गए हैं। इनमें सात श्रेणियों के खाद्यान्न, 12 श्रेणियों की दालें, पांच श्रेणियों के तिलहन, सभी प्रकार के फल-सब्जियां, रेशेदार फसलों की एक, पशुधन उत्पादों की 16, मसालों की छह, तंबाकू की एक और विविध वस्तुओं की 11 श्रेणियां शामिल हैं। प्रदेश की जीडीपी में कृषि और बागवानी क्षेत्र का योगदान 13 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में मंडियों, भंडारण और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ किसानों और बागवानों को बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
