Himachal Weather: विंटर सीजन में अभी तक सामान्य से 36 फीसदी कम बरसे बादल, जानें एक सप्ताह कैसा रहेगा माैसम
1 जनवरी से 21 फरवरी तक 158 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन इस अवधि के दाैरान वास्तव में 101.9 मिलीमीटर बारिश ही हुई।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में विंटर सीजन में अभी तक सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जनवरी से 21 फरवरी तक अवधि के लिए 158 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन इस दाैरान वास्तव में 101.9 मिलीमीटर बारिश ही हुई। बिलासपुर में सामान्य से 8, चंबा 52, हमीरपुर 6, कांगड़ा 33, हमीरपुर 63, कुल्लू 21, लाहाैल-स्पीति 34, मंडी 15, शिमला 38 व सिरमाैर में 15 फीसदी कम बारिश हुई है। जबकि सोलन में सामान्य से 9 व ऊना में 32 फीसदी अधिक बारिश हुई।
तापमान में हुई बढ़ोतरी
उधर, पिछले 24 घंटों में कई स्टेशनों पर अधिकतम तापमान में 2-7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। ज्यादातर स्टेशनों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3-9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं कई स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.8, सुंदरनगर 8.0, भुंतर 7.0, कल्पा 2.4, धर्मशाला 9.9, ऊना 9.0, नाहन 10.3, पालमपुर 9.0, सोलन 6.4, मनाली 3.7, कांगड़ा 10.3, मंडी 8.7, बिलासपुर 10.5, जुब्बड़हट्टी 10.3, कुकुमसेरी -2.9, सेऊबाग 6.5, बरठीं 8.2, पांवटा साहिब 13.0, सराहन 6.2, देहरा गोपीपुर 12.0, ताबो -4.4 व नेरी में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
27 फरवरी तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश के अधिकतर भागों में एक सप्ताह तक माैसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, 23 फरवरी को चंबा, किन्नाैर व लाहाैल-स्नीति की ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। बाकि भागों में 27 फरवरी तक धूप खिली रहेगी। वहीं अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है, उसके बाद अगले 2-3 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री तक गिरने की संभावना है।