Himachal Weather: हिमाचल में बदला मौसम; शिंकुला दर्रा, बारालाचा में बर्फबारी; इस दिन तक खराब रहेगा वैदर
प्रदेश के कई भागों में माैसम ने करवट बदली है। रोहतांग सहित लाहाैल की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार शाम से हल्की बर्फबारी शुरू हुई।
विस्तार
राजधानी शिमला सहित कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्के बादल छाए रहने के बावजूद दिन को धूप खिली। इससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि शाम होते-होते ठंड फिर से लौट आई। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। वीरवार रात को मौसम का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 32 वर्षों में जनवरी की सबसे गर्म रात रही। इससे पूर्व वर्ष 1994 में जनवरी के दौरान रात का पारा 10.6 डिग्री दर्ज हुआ था। आमतौर पर इस समय राजधानी में कड़ाके की ठंड और पाला पड़ता है, लेकिन इस बार असामान्य गर्मी ने मौसम का रुख बदल दिया है। उधर, बरठीं, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी और ऊना में शुक्रवार को शीतलहर दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 से 19 और 21 जनवरी को मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 20 व 22 जनवरी को कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 19 जनवरी को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 20 व 22 जनवरी को मैदानी भागों में अच्छी बारिश, जबकि मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। दो-तीन दिन में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं।
ताबो - 5.2
कुकुमसेरी - 3.8
सोलन 0.1
कल्पा 0.6
भुंतर 1.0
सुंदरनगर 1.6
हमीरपुर 2.1
मंडी 2.3
मनाली 2.6
ऊना 2.8
रिकांगपिओ 2.8
बिलासपुर 4.0
कांगड़ा 4.4
धर्मशाला 5.2
नाहन 6.0
शिमला 10.5