मंडी में भारी बारिश से गिरा विधायक के भाई का मकान, सात मजदूर घायल, 100 सड़कें बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवभूमि के कई क्षेत्रों में रविवार को झमाझम बारिश के साथ चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। बारिश से मंडी जिला के स्नोरघाटी की ज्वालापुर पंचायत के स्नोड गांव में दोमंजिला पुराना मकान ढह गया, जिससे भीतर सो रहे सात मजदूर दब गए।
सेब बगीचे में काम करने वाले इन मजदूरों को गांव वालों की मदद से बाहर निकाला गया और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू और मेडिकल कॉलेज नेरचौक में दाखिल कराया गया। यह मकान द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर के छोटे भाई ओम प्रकाश का बताया जा रहा है। वहीं, सिरमौर जिले की भरोग बनेड़ी पंचायत के समोन कन्योन गांव में बिजली गिरने से एक महिला झुलसकर घायल हो गई हैं।
तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से प्रदेश भर में छोटी-बड़ी करीब 100 सड़कें बंद हैं। चंबा जिले के चुवाड़ी के पास रविवार को मलबा गिरने से चंबा-धर्मशाला नेशनल हाईवे भी एक घंटे यातायात के लिए ठप रहा। कुल्लू जिला के रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम दर्रा और कांगड़ा जिला में धौलाधार की पहाडि़यों पर हल्का हिमपात हुआ है। ऊंची चोटियों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश में शीतलहर हो गई है।
नहीं हुईं उड़ानें, फसलें भी प्रभावित
खराब मौसम की वजह से दिल्ली-भुंतर, भुंतर-चंडीगढ़ और हेलीटैक्सी की उड़ानें नहीं हो सकीं। इसके अलावा सेब और अनार का सीजन भी प्रभावित हुआ है। धान की पक रही फसल के लिए जहां यह बारिश नुकसानदायक मानी जा रही है, वहीं सर्द ऋतु के लिए तैयार की जाने वाली सब्जियों की रोपाई में भी बाधा बन रही है।
पांच अक्तूबर तक मौसम खराब रहने के आसार
शिमला। प्रदेश में पांच अक्तूबर तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में पांच अक्तूबर तक बारिश होगी। मैदानी क्षेत्रों में तीन अक्तूबर तक बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले एक-दो इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान है।
कहां कितनी बारिश
शहर एमएम
धर्मशाला 29
बिलासपुर 21
सोलन 22
शिमला 18
फागू 15
कुफरी 11
सुंदरनगर 4.0