प्रदेश में झमाझम बरसे बादल, इस दिन भारी बारिश की चेतावनी
राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। कई जगहों पर दिन भर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। 29 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।
जिला कांगड़ा के कई स्थानों में सोमवार को बारिश हुई। मुल्थान में सड़क पर भारी मलबा आ गिरा, जिसके चलते यातायात बाधित हुआ। इसके अलावा बैजनाथ के कुछ इलाकों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई, जबकि नगरोटा बगवां में बूंदाबांदी ही हुई।
वहीं नूरपुर क्षेत्र में सोमवार को धूप खिली रही। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.8, हमीरपुर में 33.9, बिलासपुर में 33.6, भुंतर में 33.0, कांगड़ा में 32.8, सुंदरनगर में 32.0, चंबा में 31.9, नाहन में 31.5, धर्मशाला में 27.8, सोलन में 27.0, शिमला में 22.3 और डलहौजी में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।