बर्फ की चादर से कांपा हिमाचल, पांच जिलों में पारा शून्य से नीचे
मौसम खुलने के बाद भी बर्फ की चादर में लिपटा हिमाचल ठंड से बुरी तरह कांप रहा है। पहाड़ों की रानी शिमला, मनाली और डलहौजी समेत सूबे के पांच जिलों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। बर्फ से लकदक वादियों के चलते पूरे प्रदेश का तापमान सामान्य से चार डिग्री तक लुढ़क गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि ठंड का यह दौर कुछ दिन और चलेगा। वीरवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 2 और अधिकतम तापमान 3 से चार डिग्री सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया। शिमला, किन्नौर, लाहौल, चंबा और कुल्लू जिले में पारा शून्य से नीचे रहा।
आज बारिश-बर्फबारी के आसार, कल से धूप
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि शुक्रवार को भी हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभी के चलते उच्च एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
शनिवार को मध्य व पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फ बारी के आसार हैं। सूबे में 27 से 29 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। तीस जनवरी से फिर मौसम बिगड़ सकता है।
न्यूनतम तापमान (डिग्री से. में)
केलांग -11.8
कल्पा -6.7
मनाली -5.6
कुफरी -4.8
शिमला -1.1
डलहौजी -1.6
धर्मशाला 1.8
चंबा 1.8
सोलन 1.0
मंडी 0.5