{"_id":"646c5397f17f8ee86605f768","slug":"himachal-weather-of-heavy-rainfall-hailstorm-and-thunderstorm-for-two-days-2023-05-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal Weather: ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल के कई भागों में भारी बारिश और ओलावृष्टि, चोटियों पर गिरे फाहे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal Weather: ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल के कई भागों में भारी बारिश और ओलावृष्टि, चोटियों पर गिरे फाहे
Tue, 23 May 2023 08:35 PM IST
Krishan Singh
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 23 May 2023 08:35 PM IST
सार
Heavy Rainfall in Himachal Pradesh Weather Update :मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 मई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन
कांगड़ा के लंबागांव में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि।
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच कुल्लू और लाहौल-स्पीति की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। कांगड़ा, शिमला और मंडी के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 मई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज से बीते दो दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने से भूस्खलन, खड़ी फसलों, फलों के पौधों और नई पौध को नुकसान हो सकता है। हवा की गति में भी 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार होने का पूर्वानुमान है। संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है। ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने से हिमाचल प्रदेश में सेब बागवानी को भी नुकसान हो सकता है।
विज्ञापन
कुल्लू-मनाली में गरज के साथ बारिश
मंगलवार शाम को कुल्लू-मनाली में गरज के साथ बारिश हुई। ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। कोकसर में पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब आनंद लिया। जिला मंडी के कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कुछ जगह दिन में ही अंधेरा छा गया। वाहन चालकों और यात्रियों को इससे परेशानियां पेश आईं। बलद्वाड़ा और धर्मपुर में ओलावृष्टि हुई है। कांगड़ा जिला के कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। सुबह से मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद एकाएक धर्मशाला सहित लंबागांव, रैत, खैरा, नगरोटा बगवां, गगल में बारिश और ओलावृष्टि हुई। हमीरपुर में रंगस गांव के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग के किनारे मंगलवार शाम को आए तूफान से सफेदे का विशाल पेड़ बिजली की तारों पर गिर गया।
हिमस्खलन की चपेट में आया वाहन, बाल-बाल बचे पर्यटक
वहीं, चुराह के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर सतरूंडी के समीप टाटा सूमो हिमस्खलन की चपेट में आ गई। दिल्ली से चंबा घूमने के लिए पहुंचे सैलानी बनीखेत से टैक्सी बुक करवाकर साच पास घूमने निकले थे। जैसे ही पर्यटकों का वाहन सतरूंडी के समीप पहुंचा तो अचानक हिमस्खलन की चपेट में आ गया। गाड़ी में करीब आठ सैलानी सवार थे। वाहन पर हिमस्खलन के कारण दूसरे छोर पर खड़ी पर्यटकों की गाड़ियां भी वहीं पर फंस गईं। मार्ग बहाल न होने पर सैलानियों को पैदल ही सतरूंडी से बैरागढ़ पहुंचना पड़ा।
पांवटा में 26 डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा
सोमवार रात को पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस सीमावर्ती क्षेत्र में दिन के साथ रात के समय भी गर्मी ने परेशान किया हुआ है। धौलाकुआं में 22.7, ऊना 22.2, नाहन 21.5, कांगड़ा 21.4, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर-डलहौजी 20.0, शिमला 19.3, मंडी 18.1, चंबा 17.6, धर्मशाला 17.2, कल्पा 9.4 और केलांग में 6.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।
अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
बिलासपुर 40.5
ऊना 39.4
धौलाकुआं 38.7
हमीरपुर 37.6
कांगड़ा 37.1
चंबा 35.6
मंडी 34.8
धर्मशाला 34.2
नाहन 34.2
सोलन 33.5
शिमला 28.0