हिमाचल माैसम: सिरमाैर में भारी बारिश, प्रदेश में इस दिन से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, भूस्खलन से 70 सड़कें ठप
सिरमाैर जिले में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुरुवार शाम तक प्रदेश में 70 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। 60 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित चल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले सहित शिमला, धर्मशाला, पालमपुर और ऊना में गुरुवार को बादल बरसे। सिरमाैर जिले में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुरुवार शाम तक प्रदेश में 70 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। 60 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित चल रहे हैं। राजधानी शिमला में सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर बाद बारिश हुई। कांगड़ा जिले में गुरुवार सुबह धूप खिली रही। दोपहर बाद जिला मुख्यालय धर्मशाला समेत आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई। मणिमहेश यात्रा के लिए पैदल और हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। मौसम साफ रहने से यात्रियों को राहत मिली। एनएच 154 मंडी-पठानकोट में चमड़ा मोड़ के पास बड़े वाहनों की आवाजाही गुरुवार सुबह बहाल हो गई।
मलबा आने से दो घंटे बंद रहा नाहन-कुमारहट्टी एनएच
सिरमाैर जिले में गुरुवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और पानी सड़कों पर आ गया। नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। चबाहां और सराहां मंदिर के समीप सड़क पर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। दोपहर बाद बारिश तेज होते ही नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर चबाहां के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में पानी और मलबा सड़क पर आ गया। देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क बंद रहने से दोसड़का से लेकर जांगीरुग तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शुक्रवार को अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और अन्य स्थानों के लिए निकले थे। लेकिन चबाहां में सड़क बंद होने से सरकारी कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज और आईटीआई के विद्यार्थियों समेत अन्य यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
रिहायशी मकानों पर भी खतरा
मार्ग खुलने के बाद भी वाहनों की लंबी कतार के कारण यातायात सामान्य होने में समय लगा। इसके बाद सराहां मंदिर के समीप भी पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इससे नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यहां से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया। पीजी कॉलेज नाहन के मुख्य द्वार के समीप सड़क के निचली ओर भूस्खलन होने से सड़क को खतरा पैदा हो गया है। वहीं मलबा और पानी आने से आसपास के रिहायशी मकानों पर भी खतरा बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए एसडीएम राजीव सांख्यान ने एनएच विभाग और नगर परिषद की टीम के साथ वीरवार दोपहर प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। ग्राम पंचायत नलका के नलका गांव में भी मूसलाधार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में पानी आने के कारण पानी रिहायशी मकानों तक पहुंच गया। इससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल रहा। वहीं, कालाअंब, मोगीनंद और धौलाकुआं सहित आसपास के क्षेत्रों में भी सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई स्थानों पर खेतों में भी बारिश का पानी घुस गया।
जानें 2 सितंबर तक कैसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में मानसून के फिर रफ्तार पकड़ने के आसार हैं। शुक्रवार और शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 अगस्त से बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है, जबकि 31 अगस्त से 2 सितंबर तक कई हिस्सों में बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। जिलावार पूर्वानुमान के अनुसार कांगड़ा और सिरमौर में 31 अगस्त को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।
अधिकतम तापमान
ऊना 34.4
नेरी 33.7
मंडी 33.6
बिलासपुर 33.5
कांगड़ा 33.5
चंबा 30.8
सोलन 29.5
मनाली 27.4
शिमला 24.2
नाहन 23.7
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.