Himachal Weather: हिमाचल में छह दिन मौसम साफ रहने के आसार, ऊना में 31.8 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
प्रदेश के सभी क्षेत्रों में गुरुवार को मौसम साफ रहा। धूप खिली रहने से ऊना में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम बना रहने की संभावना जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में गुरुवार को मौसम साफ रहा। धूप खिली रहने से ऊना में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम बना रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। प्रदेश में मौसम खुलते ही अब सुबह और शाम के समय में ठंडक कम होना शुरू हो गई है।
बुधवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.2, कल्पा में 2.0, कुफरी 5.1, डलहौजी 6.3, मनाली 6.4, शिमला 8.3 और धर्मशाला में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, गुरुवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.5, हमीरपुर में 28.5, कांगड़ा-मंडी में 27.2, नाहन में 27.1, सोलन में 26.0, धर्मशाला में 24.2 और शिमला में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जलोड़ी दर्रा से एक हफ्ते, अटल टनल होकर तीन दिन बाद चलीं बसें
मौसम साफ होने के बाद जिला कुल्लू और लाहौल में धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर आने लगा है। बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा में अवरुद्ध हुए हाईवे-305 से गुरुवार को एक सप्ताह बाद निगम की बसें चलीं। दूसरी ओेर, अटल टनल रोहतांग से तीन दिन बाद बसों की आवाजाही आरंभ होने से आम लोगों को राहत मिली है। हालांकि, अटल टनल से पर्यटक वाहनों की आवाजाही बुधवार से जारी है। धुंधी के पास फिसलन होने के कारण परिवहन निगम ने बुधवार को अपनी बसें नहीं भेजी।
दोनों जिलों में सरकारी बसों के संचालन से अब लोगों को आने-आने में किसी तरह की परेशानी नहीं होंगी। पिछले हफ्ते बर्फबारी के बाद जलोड़ी दर्रे में फंसीं कुल्लू और रामपुर डिपो की चार और निजी बस गुरुवार को हाईवे-305 खुलने के बाद निकाल दी गई है। एचआरटीसी केलांग के प्रभारी विजय कार्की ने बताया कि वीरवार को केलांग से कुल्लू, मनाली और कुल्लू से केलांग, उदयपुर और पांगी के लिए बसें भेजी गईं।
कुल्लू से इन रूटों पर भेजी गईं बसें
गुरुवार को कुल्लू से बागा सराहन, दलाश, बागीपुल और रामपुर के लिए हाईवे 305 होकर बसें गईं। ये सभी रूट एचआरटीसी कुल्लू के मुनाफा देने वाले हैं। बसों के बंद होने से आम लोग परेशान थे और उन्हें जलोड़ी दर्रा को पैदल या फिर फोर बाई फोर वाहनों में आर-पार करना पड़ रहा था, लेकिन अब कुल्लू से आउटर सिराज और आउटर सिराज समेत रामपुर से कुल्लू आने में कोई परेशानी नहीं होगी। कुल्लू डिपो प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि जलोड़ी दर्रा से बसों को संचालन आरंभ हो गया है।
कुंजम के रास्ते ग्रांफू-काजा सड़क खुलने में लगेगा एक महीना
समुद्रतल से 15,000 फीट ऊंचे लाहौल और स्पीति को जोड़ने वाली कुंजम दर्रा की बहाली में अभी करीब एक माह का समय और लग सकता है। सीमा सड़क संगठन-108 के जवान स्पीति की तरफ से कुंजम दर्रा से नीचे तीसरी कैंची पर बर्फ हटाने के लिए पसीना बहा रहे हैं। यहां का तापमान दिन के समय में माइनस 15 से 20 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। समदो में तैनात सीमा सड़क संगठन के 108 आरसीसी के जवान काजा से ग्रांफू और लाहौल के ग्रांफू से दूसरी टीम कुंजम दर्रा की ओर बर्फ से जंग लड़ रहे हैं। समदो वाली टीम बातल से छह किलोमीटर आगे निकल गई और अभी भी 23 किलोमीटर बर्फ हटाना रह गया है।
जबकि लाहौल के ग्रांफू से छोटा दड़ा तक 27 किमी में अभी बर्फ हटाने का कार्य शेष है। लाहौल की ओर से बीआरओ-94 की टीम ने ग्रांफू से छोटा दड़ा तक कुल 32 किलोमीटर में पांच किमी सड़क बहाल कर ली है। छोटी डोहरनी से आगे पांच किलोमीटर सड़क पर बर्फ की ऊंची दीवार को काटकर टीम आगे बढ़ रही है। हालांकि, दोनों छोर से कुंजम दर्रा की बहाली को जुटे बीआरओ पर खराब मौसम भी भारी पड़ रहा है, बावजूद इसके जवान बुलंद हौसले के साथ अभियान को आगे बढ़ रहे हैं।